जबलपुर में पुरानी रंजिश में छात्र की चाकू मारकर हत्या:कुंडम के तुर्का रोड पर वारदात; मड़ई मेले में हुआ था विवाद, 3 गिरफ्तार




जबलपुर के कुंडम थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश के चलते एक छात्र की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। मृतक दीपावली मनाने के लिए गांव आया था। वारदात बुधवार शाम की है। वह दोस्तों के साथ तुर्का रोड स्थित एक खाली प्लॉट में बैठा था, तभी मुख्य आरोपी और उसके साथियों ने उस पर हमला कर दिया। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर मुख्य आरोपी समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। मड़ई मेले में हुआ था विवाद कुंडम थाना प्रभारी सतीश अंधवान के मुताबिक, ग्राम हल्का बोदा, थाना ढीमरखेड़ा निवासी आकाश उर्फ अक्कू लखन कुंजाम (19) जबलपुर में रहकर पढ़ाई करता था। दीपावली के लिए वह गांव आया था। वह दोस्तों के साथ कुंडेश्वर मंदिर गया था। लौटने के बाद सभी तुर्का रोड स्थित एक खाली प्लॉट में बैठे थे। इसी दौरान प्रीतम मार्को (19) अपने पांच-छह साथियों के साथ वहां पहुंचा। गांव में पहले मड़ई मेले के दौरान प्रीतम और आकाश के बीच विवाद हुआ था। इसी रंजिश के चलते प्रीतम ने आकाश पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। आकाश के दोस्त अपनी जान बचाकर वहां से भाग गए। अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल आकाश को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने प्रारंभिक जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा और हत्या का प्रकरण दर्ज किया। पुलिस ने आरोपियों के संभावित ठिकानों पर दबिश देकर मुख्य आरोपी प्रीतम और उसके दो साथियों को गिरफ्तार कर लिया है। अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। घटना के बाद मृतक के गांव और क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है।



publish_date

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *