मध्य प्रदेश की राजनीति, नौकरशाही और अन्य घटनाओं पर चुटीली और खरी बात का वीडियो (VIDEO) देखने के लिए ऊपर क्लिक करें। इन खबरों को आप पढ़ भी सकते हैं। ‘बात खरी है’ मंगलवार से रविवार तक हर सुबह 6 बजे से दैनिक भास्कर एप पर मिलेगा।
.
जब गडरिया बन गए भाजपा सांसद नेताओं को क्या चाहिए? बस किसी तरह सुर्खियों में बने रहें। इसके लिए वे रील बनाने से भी पीछे नहीं हटते। मौका मिलना चाहिए, फिर कोई भी किरदार निभाने को तैयार हो जाते हैं। मंदसौर से भाजपा सांसद सुधीर गुप्ता का भी कुछ ऐसा ही अंदाज देखने को मिला।
सांसद कहीं जा रहे थे। रास्ते में भेड़ें नजर आईं तो उनका मन भी उन्हें हांकने का हो गया। फिर क्या था, सांसद जी ने हाथ में लकड़ी थामी और गडरिया बनकर भेड़ों को हांकने लगे। आगे-आगे सांसद और पीछे-पीछे उनका काफिला।
नेताजी का वीडियो देखकर लोग चुटकी ले रहे हैं। कह रहे हैं, ये भेड़ों के झुंड के बीच कौन-सा वीआईपी गडरिया आ गया?
हालांकि, सांसद ने इस पूरे वाकये को सोशल मीडिया पर अलग ही अंदाज में पेश किया। उन्होंने लिखा कि पशुपालकों से आत्मीय मुलाकात कर संवाद किया। यानी लोगों को जहां भेड़ें हांकते सांसद नजर आए, वहीं सांसद ने इसे पशुपालकों से संवाद का नाम दे दिया।

मंदसौर में भाजपा सांसद सुधीर गुप्ता हाथ में डंडा लेकर भेड़ों को हांकते नजर आए।
सैलून में भी बन गई विधायक जी की रील नेता जी आम आदमी बनकर निकले थे, लेकिन सुर्खियों में आने का मौका कहीं भी मिल जाए तो फिर क्या कहने।
गुना से भाजपा विधायक पन्नालाल शाक्य बाल कटवाने सैलून पहुंच गए। इरादा आम ग्राहक की तरह बाल कटवाने का था, लेकिन दुकानवाले ने जैसे ही खास ग्राहक को पहचाना, कैमरा ऑन हो गया।
दुकानदार ने भी तुरंत दुनिया को बता दिया कि देखिए, दोस्त हमारे पास विधायक जी आए हैं दाढ़ी-कटिंग कराने के लिए। फिर क्या था, सैलून में बाल कटवाने पहुंचे नेताजी की रील बन गई।
अब विधायक जी तो बाल बनवाकर निकल गए, लेकिन सैलून में उनकी मौजूदगी का वीडियो उन्हें सुर्खियों में ले आया। वैसे विधायक महोदय आम आदमी की तरह बाल कटवाने पहुंचे थे, मगर नेताजी की पहचान ऐसी कि सैलून भी कंटेंट बनाने का ठिकाना बन गया।

गुना में भाजपा के विधायक पन्नालाल शाक्य ने एक सैलून पर जाकर अपने बाल बनवाए।
मंत्री ने सांसद पत्नी से भी कराई फायरिंग दशहरा पर आलीराजपुर में शस्त्र पूजा के दौरान मंत्री नागर सिंह चौहान ने अपना हुनर दिखाया। पूजा के बाद उन्होंने हर्ष फायरिंग की। इसके बाद कार्यक्रम में मौजूद अपनी सांसद पत्नी अनिता नागर सिंह चौहान से भी फायरिंग करवाई।
अब इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सामने आया है तो लोग चुटकी ले रहे हैं। कह रहे हैं कि मामला थोड़ा जोखिम भरा था, रिस्की था। लेकिन कोई बात नहीं, सोशल मीडिया पर सुर्खियां बटोरने का मौका भी तो जरूरी है।

आलीराजपुर में शस्त्र पूजा के दौरान मंत्री नागर सिंह चौहान ने सांसद पत्नी से भी फायरिंग कराई।
जब पूर्व विधायक को लेनी पड़ गई मदद मामला मंदसौर के पूर्व विधायक और भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता यशपाल सिंह सिसोदिया का हैं। जिम के उद्घाटन पर पहुंचे तो सोचा, क्यों न मशीन से दो-दो हाथ कर लिए जाएं। लेकिन मशीन पर हाथ आजमाने पहुंचे नेताजी को जल्द ही कई हाथों का सहारा लेना पड़ गया।
एक्सरसाइज मशीन पर कसरत करने से पहले नेताजी को अपनी सुरक्षा की चिंता भी सताने लगी। बोले- मैं दब तो नहीं जाऊंगा? बस फिर क्या था, वहां मौजूद लोग हंस पड़े और नेताजी का यह अंदाज कैमरे में कैद हो गया।
जिम का उद्घाटन करने पहुंचे यशपाल सिंह सिसोदिया यहां ऐसी रील दे गए, जो उद्घाटन से ज्यादा चर्चा बटोर रही है।

मंदसौर में एक जिम में एक मशीन पर कसरत करते पूर्व विधायक यशपाल सिंह सिसोदिया।
और अब अंदर की बात..
एसीएस रैंक के एक अफसर से सरकार नाराज एसीएस रैंक के एक अधिकारी से सरकार नाराज हो गए हैं। इसकी वजह है उनके पास पेंडिंग फाइलों का अंबार लगना। साहब समय पर फाइलों को आगे नहीं बढ़ा रहे हैं।
साहब हाल ही में किसी काम के सिलसिले में दिल्ली गए थे। इसी दौरान सरकार ने एक महत्वपूर्ण फाइल की जानकारी मांगी। पता चला कि साहब के पास यह फाइल पिछले एक महीने से पेंडिंग पड़ी है।
जब इसकी गहराई से जांच की गई तो पता चला कि साहब के पास सिर्फ यही एक फाइल नहीं, बल्कि सैकड़ों फाइलें अटकी पड़ी हैं।
दिल्ली से लौटने के बाद साहब को जब सरकार की नाराजगी की भनक लगी तो उन्होंने फाइलें निपटाने में तेजी भी दिखाई।
सुना है कि साहब का यहां मन नहीं लग रहा है। वे अपने पूर्व के एक विभाग में वापसी की कोशिश कर रहे हैं। इसके लिए हाथ-पैर भी मार रहे हैं। अब उन्हें अगली ट्रांसफर लिस्ट का इंतजार है।
लेकिन सरकार के सामने उनकी जो छवि बननी थी, वह तो बन ही गई। ऐसे में उनकी यह हसरत पूरी होगी या नहीं, इस पर कुछ कहा नहीं जा सकता। आखिर सरकार ने उनके काम करने का तरीका जो देख लिया है।
इनपुट सहयोग – शादाब चौधरी (मंदसौर), आशीष रघुवंशी (गुना)
ये भी पढ़ें – रील ने खोली पोल- अचानक हिल गए प्रदेश अध्यक्ष: सिंधिया के ‘अपनी तो जैसे-तैसे कट जाएगी’ डांस की चर्चा

मध्य प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल अपनी कार में बैठकर माता के भजनों का आनंद लेते नजर आए। कार में भजन गूंज रहे थे और अध्यक्ष जी भक्ति में मगन थे। लेकिन तभी सड़क पर आए गड्ढों ने भक्ति के इस माहौल में खलल डाल दिया। गड्ढों से गुजरते ही कार ने ऐसे हिचकोले खाए कि अध्यक्ष जी भी पूरी तरह हिल गए। पूरी खबर पढ़ें
