पाकिस्तान में बनी ब्यूटी क्रीम ‘गोरी’ की मध्यप्रदेश में धड़ल्ले से बिक्री का खुलासा दैनिक भास्कर ने किया था। अब इंदौर में रानीपुरा और छावनी स्थित दो ठिकानों पर कार्रवाई कर इसके 300 से ज्यादा पैकेट जब्त किए गए हैं।
.
पहले रानीपुरा स्थित दुकान ‘द ब्यूटी बार’ से क्रीम के कुछ पैकेट जब्त किए गए। इसके बाद छावनी स्थित पद्मश्री एजेंसी पर कार्रवाई हुई। यहां से करीब डेढ़ लाख रुपए कीमत के 300 पैकेट जब्त किए गए। सभी पर ‘मेड इन पाकिस्तान’ लिखा है।

महाराष्ट्र FDA ने बिक्री और इस्तेमाल पर रोक लगाई थी
डिप्टी ड्रग कंट्रोलर (CDSCO, इंदौर) नवनीत प्रताप सिंह ने बताया- जब्त क्रीम के सैंपल जांच के लिए लैब भेजे गए हैं। नागपुर में इसी क्रीम का इस्तेमाल करने वाली 18 महिलाओं में किडनी संबंधी गंभीर बीमारी सामने आई थी। इसके बाद महाराष्ट्र FDA ने इसकी बिक्री और इस्तेमाल पर रोक लगा दी थी।

आयात पर रोक, फिर भी भारत कैसे पहुंचीं पाकिस्तानी क्रीम?
भारत सरकार ने 2 मई 2025 को पाकिस्तान में बने या वहां से निर्यात किए गए सामान के सीधे और तीसरे देश के रास्ते आयात व ट्रांजिट पर रोक लगा दी थी।
इसके बावजूद सितंबर 2026 में केंद्रीय औषधि मानक नियंत्रण संगठन (CDSCO) ने ‘गोरी’ ब्यूटी क्रीम और ‘चांदनी’ व्हाइटनिंग क्रीम को लेकर पब्लिक हेल्थ अलर्ट जारी किया।
CDSCO के मुताबिक, दोनों क्रीम को भारत में बिक्री के लिए जरूरी इंपोर्ट रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट नहीं मिला था। जांच में इनमें तय सीमा से ज्यादा हेवी मेटल्स पाए गए।
संगठन ने लोगों को इन क्रीमों को न खरीदने और इस्तेमाल बंद करने की सलाह दी। दुकानदारों और अन्य संस्थानों को इनकी बिक्री, वितरण और विज्ञापन नहीं करने के निर्देश भी दिए गए।
…………………
यह खबर भी पढ़ें…
पाकिस्तानी क्रीम से खराब हो रही किडनी

टीनएजर्स से लेकर महिलाओं तक में गोरा दिखने की चाह आम है। रूप चौदस से लेकर दीपावली तक ये चाहत और बढ़ जाती है। वे इसके लिए फेशियल से लेकर फेयरनेस क्रीम तक का इस्तेमाल करती हैं, लेकिन जिस क्रीम को गोरा दिखने के लिए चेहरे पर लगाया जा रहा है, वही किडनी को नुकसान पहुंचाने लगे तो क्या कहेंगे? पूरी खबर यहां पढ़ें…
