![]()
खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन नहीं करने पर रेस कोर्स रोड स्थित सांची वीनस इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के ‘देसी मसाला’ रेस्टोरेंट का रजिस्ट्रेशन सस्पेंड कर दिया है। खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने निरीक्षण के दौरान मिली कमियों को दूर करने के लिए पहले सुधार सूचना पत्र जारी किया था। निर्धारित समय में कमियों का संतोषजनक निराकरण नहीं होने और जवाब में भी खामियां मिलने पर 15 अक्टूबर को पंजीयन निलंबित करने का आदेश जारी किया गया। निलंबन अवधि में रेस्टोरेंट में खाद्य कारोबार नहीं किया जा सकेगा। विभाग ने 15 और 16 अक्टूबर को शहर के अलग-अलग इलाकों में खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। मानपुर में किराना दुकानों, गणेश नगर में दुग्ध डेयरियों और नौलखा में मेवा प्रतिष्ठान से कुल 17 नमूने जांच के लिए लिए गए। वहीं, ट्रेजर आइलैंड मॉल के फूड कोर्ट स्थित सुरुचि फूड्स चटोरी से भी पांच नमूने लिए गए। मानपुर में चलित खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला से 25 खाद्य नमूनों की मौके पर त्वरित जांच की गई। कार्रवाई की खास बातें… खुले में मसाले बेचने पर व्यापारियों को निर्देश मानपुर क्षेत्र में निरीक्षण के दौरान कुछ किराना दुकानों पर धनिया, मिर्च और हल्दी खुले में बिकते मिले। खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने व्यापारियों को खुले खाद्य पदार्थों की बिक्री से बचने और खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुरूप पैक्ड सामग्री बेचने के निर्देश दिए। सुरेश चंद एवं ब्रदर्स किराना दुकान से नमकीन, हल्दी पाउडर, मिर्च पाउडर और गुलाब जामुन मिक्स के चार नमूने लिए गए। माहेश्वरी किराना से गुलाब जामुन मिक्स, खड़ा मसाला, चाय और अजवाइन के चार नमूने लिए गए। राजेश किराना, सदर बाजार मानपुर से घी और स्वामीनारायण आटे के दो नमूने संग्रहित किए गए। दूध, घी-पनीर और मेवों की भी होगी जांच गणेश नगर की सांवरिया डेयरी से दूध, घी और पनीर के नमूने लिए गए। श्री डेयरी से घी और कृष्णा डेयरी से पनीर का नमूना संग्रहित किया गया। नौलखा स्थित नेचुरल मेवा से बादाम और काजू के नमूने लिए गए। विभाग के अनुसार, मानपुर, गणेश नगर और नौलखा से लिए गए कुल 17 नमूने राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेजे जा रहे हैं। रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। फूड कोर्ट में सफाई की कमी, पांच नमूने लिए ट्रेजर आइलैंड मॉल के फूड कोर्ट स्थित सुरुचि फूड्स चटोरी का निरीक्षण किया गया। यहां साफ-सफाई संबंधी कमियां मिलने पर सुधार सूचना पत्र जारी करने की प्रक्रिया शुरू की गई है। प्रतिष्ठान से पांच खाद्य नमूने भी जांच के लिए लिए गए हैं। निरीक्षण और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।
publish_date
इंदौर के देसी मसाला रेस्टोरेंट का लाइसेंस सस्पेंड:कमियां दूर नहीं करने पर कार्रवाई; मानपुर में मसाले, घी और मिठाई के 10 सैंपल लिए
