Headlines

MP में अनुकंपा नियुक्ति के लिए विशेष अभियान चलेगा:पदोन्नति से खाली हुए पदों पर मिलेगी नौकरी; संजीवनी क्लीनिक में 164 संविदा चिकित्सा अधिकारी नियुक्त




मध्यप्रदेश के सभी विभागों में पदोन्नति से रिक्त हुए पदों पर अनुकंपा नियुक्तियां दी जाएंगी। इसके लिए सामान्य प्रशासन विभाग ने विशेष अभियान चलाकर वर्षों से लंबित प्रकरणों का निराकरण करने के निर्देश जारी किए हैं। विभागों को योग्यता के आधार पर पात्र आश्रितों को नियुक्ति देने के लिए कहा गया है। उधर, स्वास्थ्य विभाग ने संजीवनी क्लीनिक में 164 संविदा चिकित्सा अधिकारियों की नियुक्ति की है। लोक शिक्षण आयुक्त ने दस दिन के भीतर 954 दिवंगत कर्मचारियों और शिक्षकों के परिजन को अनुकंपा नियुक्ति दी थी। इसके बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सभी विभागों में लंबित प्रकरणों के निराकरण के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री के निर्णय के बाद सामान्य प्रशासन विभाग ने शुक्रवार को सभी विभागाध्यक्षों, संभागायुक्तों और कलेक्टरों को इस संबंध में निर्देश जारी किए हैं। निर्देश में कहा गया है कि प्रदेश के विभिन्न विभागों, संभाग और जिला स्तर के कार्यालयों में पद उपलब्ध नहीं होने के कारण अनुकंपा नियुक्ति के कई प्रकरण लंबित हैं। पिछले महीने विशेष अभियान चलाकर पदोन्नतियां की गई हैं। इससे अब विभिन्न कैडर में पद उपलब्ध हो गए हैं। ऐसे में विभाग अपने यहां लंबित सभी पात्र प्रकरणों का निराकरण विशेष अभियान चलाकर करें। गौरतलब है कि अनुकंपा नियुक्ति योजना के तहत किसी शासकीय सेवक की सेवाकाल के दौरान मृत्यु होने पर उसके आश्रित को नौकरी दी जाती है। सरकार के इस कदम से लंबे समय से नियुक्ति का इंतजार कर रहे परिवारों को राहत मिल सकेगी। संजीवनी क्लीनिक में 164 संविदा चिकित्सा अधिकारियों की नियुक्ति प्रदेश के शहरी क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने के लिए राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, मध्यप्रदेश ने संजीवनी क्लीनिक में 164 नए संविदा चिकित्सा अधिकारियों की नियुक्ति की है। इससे इन क्लीनिकों में डॉक्टरों की उपलब्धता बढ़ेगी और नागरिकों को घर के नजदीक ही समय पर चिकित्सकीय परामर्श और उपचार मिल सकेगा। सामान्य बीमारियों के इलाज के लिए मरीजों को दूर स्थित अस्पतालों तक जाने की जरूरत भी कम होगी।



publish_date

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *