![]()
दीवाली के लिए भोपाल के जयप्रकाश (जेपी) हॉस्पिटल में बर्न वार्ड तैयार किया गया है। 5 बिस्तरों वाले इस वार्ड में सांस से पीड़ित मरीजों को भी भर्ती किया जाएगा। सीएमएचओ डॉ. मनीष शर्मा ने सोमवार को वार्ड की तैयारियां देखीं। आने वाले त्योहारों और मौसम में परिवर्तन को देखते हुए अस्पताल में पर्याप्त चिकित्सा व्यवस्थाओं के लिए सीएमएचओ डॉ. शर्मा निरीक्षण कर रहे हैं। इसके तहत सोमवार को वे जेपी हॉस्पिटल में पहुंचे। यहां आईसीयू, अस्थि रोग, आकस्मिक चिकित्सा इकाई, जनरल ओपीडी, मेडिसिन, शिशु रोग विभाग, श्वसन रोग विभाग की सेवाओं को देखा और निर्देश दिए। वार्ड में कई संसाधन रहेंगे सीएमएचओ डॉ. शर्मा ने जयप्रकाश अस्पताल में बनाए गए बर्न वार्ड का मुआयना किया। दीपावली को देखते हुए अस्पताल में 5 बिस्तरों का वार्ड बनाया गया है, जो कि विशेष रूप से पटाखों से जलने की दुर्घटनाओं के इलाज के लिए बनाया गया है। सीएमएचओ ने निरीक्षण के दौरान सांस से जुड़ी बीमारियों एवं समस्याओं के लिए ऑक्सीजन सिस्टम, नेबुलाइजर, वेंटिलेटर की क्रियाशीलता एवं दवाइयों की उपलब्धता की जांच की। सभी तैयारियां पूरी रखें सीएमएचओ डॉ. शर्मा ने बताया कि शीतकाल एवं अत्यधिक आतिशबाजी से प्रदूषण बढ़ने की संभावना रहती है। इसे देखते हुए अस्पतालों में सभी आवश्यक तैयारियां को सुनिश्चित किए जाने के संबंध में कहा गया है।
publish_date
दीवाली के लिए जेपी हॉस्पिटल में बर्न वार्ड बनाया:CMHO ने देखी तैयारी; सांस से जुड़ी बीमारी के पीड़ितों को भी भर्ती करेंगे
