पार्षद के घर में घुसकर पति पर हमला, तोड़फोड़:चाकू से फाड़ा बोर्ड, गमले फेंके; दूसरे पक्ष ने पिस्टल दिखाने का लगाया आरोप




इंदौर के ऊषागंज स्थित गीतांजलि अपार्टमेंट में प्रॉपर्टी कारोबारी और पार्षद पति सुमित तलरेजा के साथ मारपीट, तोड़फोड़ और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। सुमित की शिकायत पर पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं, दूसरे पक्ष ने भी सुमित पर पिस्टल दिखाकर डराने का आरोप लगाया है। पुलिस के मुताबिक सुमित तलरेजा ने पत्नी पंखुड़ी तलरेजा के साथ थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि 29 अक्टूबर को वे घर पर थे। इसी दौरान उनका पुराना परिचित प्रशांत करौसिया अपने साथी अंश, सुमित खरे और विशाल बौरासी के साथ वहां पहुंचा। आरोपी पुराने विवाद के समझौते की बात को लेकर गाली-गलौज करने लगे। चाकू से फाड़ा पार्षद का बोर्ड, गमले और गाड़ियां तोड़ीं आरोप है कि आरोपियों ने घर के बाहर लगा पार्षद का बोर्ड चाकू से फाड़ दिया और सुमित की ओर मारपीट करने के लिए दौड़े। बचने के लिए सुमित मल्टी की दूसरी मंजिल स्थित अपने फ्लैट में चले गए। इस दौरान आरोपियों ने दरवाजे पर लात मारी और गमले, गाड़ियां व कुर्सियां तोड़ दीं। उन्होंने सुमित पर गमला भी फेंका। साथ ही सुमित और उनकी पत्नी को जान से मारने की धमकी दी। दूसरे पक्ष ने पिस्टल दिखाने का लगाया आरोप सुमित और उनकी पत्नी के शोर मचाने पर आसपास के लोग इकट्ठा हो गए। इसके बाद आरोपी मौके से भाग निकले। घटना के बाद दंपति ने पुलिस से शिकायत की। वहीं, दूसरे पक्ष का आरोप है कि विवाद की शुरुआत सुमित तलरेजा ने की थी और उन्होंने पहले पिस्टल दिखाकर डराया था। पुलिस दोनों पक्षों के आरोपों की जांच कर रही है।



publish_date

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *