Headlines

बैतूल के अतिथि शिक्षक ने खरीदा राज्यसभा का नामांकन फार्म:हरदीप पुरी के सामने ठोकेंगे ताल, बोले- कांग्रेस-भाजपा के विधायकों ने समर्थन का दिया है भरोसा




राज्यसभा की एक सीट के लिए भाजपा ने केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी को उम्मीदवार बनाया है। कांग्रेस अभी अपने प्रत्याशी पर फैसला नहीं कर पाई है। इसी बीच बैतूल के 55 वर्षीय अतिथि शिक्षक हरिपाल बिहारे ने चुनाव लड़ने का ऐलान कर दिया है। उन्होंने नामांकन फॉर्म भी खरीद लिया है। अब उन्हें चुनाव लड़ने के लिए 10 विधायकों के हस्ताक्षर चाहिए। इसके लिए वे भाजपा और कांग्रेस दोनों दलों के नेताओं के चक्कर लगा रहे हैं। हरिपाल का कहना है कि अगर 10 विधायक उनके फॉर्म पर हस्ताक्षर कर देते हैं तो जीत उनकी ही होगी। इतना ही नहीं, उनका दावा है कि भाजपा के 60 से 70 विधायक भी उनके पक्ष में मतदान करेंगे। उन्होंने बताया कि नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने उन्हें फॉर्म भरवाने का आश्वासन दिया है। अब वे कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी से भी मिलने की तैयारी कर रहे हैं। नियमित शिक्षक की नियुक्ति के बाद छूटी नौकरी हरिपाल बिहारे बैतूल जिले की आमला तहसील के सोमलापुर के रहने वाले हैं। वे 2011 से अलग-अलग सरकारी स्कूलों में अतिथि शिक्षक के तौर पर सेवाएं दे रहे हैं। वर्ष 2017 से पीएमश्री शासकीय हाईस्कूल बड़गांव में वर्ग-2 के अतिथि शिक्षक थे। इसी साल जुलाई में स्कूल में नियमित शिक्षक की पोस्टिंग हुई तो उनकी सेवाएं समाप्त कर दी गईं। संस्कृत में एमए कर चुके हरिपाल अनुसूचित जाति से हैं। परिवार में पत्नी, एक बेटा और एक बेटी हैं। बोले- अतिथि शिक्षकों के लिए कुछ नहीं हुआ चुनाव लड़ने की वजह पूछने पर हरिपाल ने कहा कि अतिथि शिक्षकों के लिए सरकार ने अब तक कुछ नहीं किया है। वे लंबे समय से सेवाएं दे रहे हैं, लेकिन उनकी समस्याओं का समाधान नहीं हुआ। राज्यसभा में दूसरे लोगों को भेजा जाता है, ऐसे में अनुभवी लोगों को भी मौका मिलना चाहिए। इसी सोच के साथ उन्होंने खुद चुनाव लड़ने का फैसला किया। भाजपा-कांग्रेस कार्यालय पहुंचे, किसी ने नहीं दिया साफ जवाब हरिपाल ने बताया कि वे भाजपा और कांग्रेस दोनों कार्यालयों में जाकर विधायकों से समर्थन मांग चुके हैं। अभी तक किसी ने उन्हें संतोषजनक जवाब नहीं दिया। उनका दावा है कि उमंग सिंघार ने उन्हें आश्वासन दिया है कि उनका फॉर्म भरवा दिया जाएगा। जीतू पटवारी से भी वे मुलाकात करेंगे। हरदीप सिंह पुरी को लेकर हरिपाल ने गंभीर आरोप भी लगाए। उन्होंने कहा कि उन्होंने पुरी के बारे में ऐसी बातें सुनी हैं, जिसके चलते उन्हें मध्य प्रदेश से राज्यसभा नहीं भेजा जाना चाहिए। हालांकि, अपने आरोपों के समर्थन में उन्होंने कोई प्रमाण नहीं दिया है। फिलहाल हरिपाल का फॉर्म भर चुके हैं, लेकिन 10 विधायकों के हस्ताक्षर के बिना नामांकन दाखिल करना संभव नहीं होगा। अब देखना यह है कि उनकी राज्यसभा पहुंचने की यह कोशिश कितनी आगे बढ़ पाती है। मुरुगन के इस्तीफे से खाली हुई थी सीट केंद्रीय मंत्री डॉ. एल. मुरुगन मध्य प्रदेश से राज्यसभा सदस्य थे। उन्होंने 14 अक्टूबर 2026 को केंद्रीय मंत्रिपरिषद और राज्यसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था। उनका कार्यकाल अप्रैल 2030 तक था। मुरुगन ने तमिलनाडु में भाजपा को मजबूत करने के लिए जमीनी राजनीति में लौटने की इच्छा जताई थी। भाजपा ने हरदीप सिंह पुरी को बनाया प्रत्याशी भाजपा ने 28 अक्टूबर को केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी को उम्मीदवार घोषित किया। पुरी का उत्तर प्रदेश से राज्यसभा सदस्य के रूप में कार्यकाल 25 नवंबर को समाप्त हो रहा है। मध्य प्रदेश से चुनाव जीतने पर वे राज्यसभा में बने रह सकेंगे।



publish_date

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *