![]()
उज्जैन में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शुक्रवार को कृषि उपज मंडी में आयोजित पीएम किसान सम्मान निधि की 24वीं किस्त हस्तांतरण कार्यक्रम में कांग्रेस और राहुल गांधी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी और उनके लोग दिल्ली में दो-पांच हजार लोगों के साथ अराजकता फैलाकर 144 करोड़ लोगों को चुनौती दे रहे हैं। वे सुप्रीम कोर्ट, चुनाव आयोग और चुनी हुई सरकारों को चुनौती दे रहे हैं। लोकतांत्रिक संस्थाओं का सम्मान होना चाहिए। चुनाव हार गए हैं तो पांच साल मेहनत करें और जनता के बीच जाकर फिर समर्थन हासिल करें। उन्होंने सवाल किया कि क्या किसी एक परिवार का ही राज चलता रहेगा? देश इस भावना को बर्दाश्त नहीं करेगा। अटलजी 50 साल विपक्ष में रहे, हमने संस्थाओं का सम्मान किया सीएम ने कहा कि कांग्रेस ने अपने कुकर्मों के कारण देश की दुर्दशा की। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 2014 के बाद भारत का देश और दुनिया में मान-सम्मान बढ़ा है। भाजपा की राजनीतिक यात्रा का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि जनसंघ से जनता पार्टी और फिर भाजपा बनने के बाद अटल बिहारी वाजपेयी 50 साल तक विपक्ष में रहकर अपनी बात रखते रहे। कांग्रेस के लोग 15-20 साल भी पूरे नहीं कर पाए और अभी से विरोध के नाम पर हाय-तौबा मचा रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि देश के 80 प्रतिशत से ज्यादा लोगों ने कांग्रेस को नकार दिया है। 9.34 करोड़ किसानों के खातों में पहुंचे 18,680 करोड़ रुपए कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पीएम किसान सम्मान निधि की 24वीं किस्त हस्तांतरित की। इसके तहत देश के 9.34 करोड़ किसानों के खातों में 18,680 करोड़ रुपए से अधिक की राशि भेजी गई। मध्यप्रदेश के करीब 80 लाख किसानों को इसका लाभ मिलेगा। उज्जैन जिले के करीब 2 लाख 10 हजार किसान भी योजना से लाभान्वित होंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार किसानों को सालाना 6 हजार रुपए और प्रदेश सरकार अपनी ओर से 6 हजार रुपए दे रही है। इस तरह पात्र किसानों को कुल 12 हजार रुपए सालाना मिल रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह केवल आर्थिक सहायता नहीं, बल्कि सरकार और किसानों के बीच सम्मान और विश्वास का रिश्ता है। एलिवेटेड रोड से मंडी तक सीधा रास्ता देने का सुझाव मुख्यमंत्री ने सिंहस्थ-2028 की तैयारियों और उज्जैन में चल रहे विकास कार्यों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि एलिवेटेड रोड बनने से आगर रोड पर लगने वाले जाम से राहत मिलेगी। बड़े वाहन और ट्रॉले ऊपर से निकल सकेंगे, जिससे नीचे व्यापारिक गतिविधियां सुचारू रहेंगी। उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों को सुझाव दिया कि एलिवेटेड रोड से एक-दो रास्ते सीधे कृषि उपज मंडी में उतारे जाएं। इससे मंडी में आने-जाने वाले वाहनों को बाहर निकलने का सीधा रास्ता मिल सकेगा और जाम की स्थिति खत्म होगी। यह सुझाव था, मंडी के लिए किसी नई स्वीकृति या निर्माण की घोषणा नहीं की गई। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने किसानों को दिवाली की शुभकामनाएं दीं और उज्जैन की कृषि, व्यापार और विकास को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने की कामना की।
publish_date
सीएम यादव का राहुल पर तंज…बोले-हारकर 5 साल मेहनत करें:दिल्ली में 2-5 हजार लोग लेकर अराजकता फैला रहे, 80% लोगों ने कांग्रेस को नकारा
