![]()
मंदसौर में रविवार को मध्यप्रदेश स्थापना दिवस मनाया गया। उत्कृष्ट विद्यालय परिसर के सभागार में हुए जिला स्तरीय समारोह में स्कूली बच्चों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। इस दौरान विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों और प्रतियोगिताओं में अच्छा प्रदर्शन करने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, अधिकारी और आमजन शामिल हुए। चीफ गेस्ट सुवासरा विधायक हरदीप सिंह डंग ने कहा- हम सौभाग्यशाली हैं कि हमारा जन्म मध्यप्रदेश की धरती पर हुआ। यह देवों, संतों और महापुरुषों की भूमि है। यहां विक्रमादित्य, राजा भोज और चंद्रशेखर आजाद जैसी महान विभूतियों ने जन्म लिया। तस्वीरें देखें… विधायक ने आगे कहा- प्रदेश को और समृद्ध बनाने के लिए सभी को मिलकर काम करना होगा। पर्यावरण संरक्षण, औद्योगिक विकास और उन्नत खेती के लिए ईमानदारी और सेवा भावना से काम करने की जरूरत है। ताकि किसान और गरीब को अपने काम के लिए भटकना न पड़े। पूर्व विधायक यशपाल सिंह सिसोदिया ने कहा- मध्यप्रदेश की स्थापना के सात दशक पूरे हो चुके हैं। 2010 में तत्कालीन मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मध्यप्रदेश गान की कल्पना की थी। 2022 में स्थापना दिवस को गणतंत्र दिवस और स्वतंत्रता दिवस की तरह मनाने की बात कही थी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इस परंपरा को आगे बढ़ाया है। किसानों और विद्यार्थियों को मिले पुरस्कार समारोह में श्रीकृष्ण मेधावी छात्रवृत्ति योजना के तहत काव्य शर्मा को एक लाख रुपए का चेक दिया गया। पेंटाथलान नेशनल चैंपियनशिप में पदक जीतने पर आरव बाफना को सम्मानित किया गया। किसान कल्याण स्वाभिमान पर्व क्विज-2026 के विजेताओं को भी पुरस्कार मिले। खुमान सिंह को ट्रैक्टर के लिए 7.26 लाख, अर्जुन पाटीदार को बुलेट के लिए 1.68 लाख और पूजा शर्मा को इलेक्ट्रिक स्कूटी के लिए 1.20 लाख रुपए का चेक दिया गया। स्वामित्व योजना के तहत भूनियाखेड़ी, चांगली और बहादरी गांव के चार पट्टेदारों को नि:शुल्क रजिस्ट्री दी गई। जिला पंचायत अध्यक्ष दुर्गा विजय पाटीदार ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश अधोसंरचना, उद्योग, निवेश, महिला सशक्तिकरण और कृषि के क्षेत्र में आगे बढ़ रहा है। नगर पालिका अध्यक्ष रमादेवी गुर्जर ने कहा कि मध्यप्रदेश देश के अग्रणी राज्यों में शामिल हो चुका है। समारोह में विकास प्रदर्शनी भी लगाई गई। इसमें सरकारी योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी दी गई।
publish_date
सुवासरा विधायक बोले- मध्यप्रदेश में जन्म लेना सौभाग्य की बात:स्थापना दिवस कार्यक्रम में कहा- यह देवों, संतों-महापुरुषों की भूमि
