![]()
सागर के मोतीनगर थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश को लेकर युवक पर लोहे की रॉड से हमला करने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि सूरज आठिया ने युवक के सिर पर जान से मारने की नीयत से रॉड मारी, जबकि दूसरे आरोपी ने भी मारपीट की। मुख्य आरोपी सूरज के खिलाफ पहले से जिलाबदर का आदेश जारी था, इसके बावजूद वह शहर में मौजूद था। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। मंदिर जाते समय युवक से मारपीट पुलिस के अनुसार, लक्ष्मीपुरा निवासी मनोज पिता हीरालाल यादव ने 22 अक्टूबर को थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि सुबह करीब 9 बजे वह घर से गुलाब बाबा मंदिर दर्शन करने जा रहे थे। इसी दौरान गोला कुआं तिराहे पर अशोक रजक की किराना दुकान के सामने सूरज आठिया, चंदन आठिया और नीलू अहिरवार मिले। आरोप है कि तीनों ने पुरानी रंजिश को लेकर मनोज से गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर सूरज ने लोहे की रॉड से उनके सिर पर वार किया, जिससे उन्हें गंभीर चोट आई। वहीं, चंदन और नीलू ने लात-घूंसों से मारपीट की। मौके पर मौजूद शिवा ठाकुर और राजेश ठाकुर ने बीच-बचाव किया। जिलाबदर आदेश के बावजूद शहर में था आरोपी पुलिस के मुताबिक, मुख्य आरोपी सूरज पिता नंदलाल आठिया (23), निवासी पंतनगर वार्ड, के खिलाफ पहले से जिलाबदर का आदेश पारित था। इसके बावजूद वह शहर में आया और इस मामले में शामिल रहा। पुलिस ने मामले में सूरज आठिया और नीलू उर्फ नीलेश पिता रमेश अहिरवार (35), निवासी पंतनगर वार्ड, को गिरफ्तार किया। थाना प्रभारी जसवंत सिंह ने बताया कि हत्या के प्रयास के मामले में दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया था। वहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
publish_date
हत्या का प्रयास करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार:रंजिश में मारपीट कर सिर पर मारी थी लोहे की रॉड, एक आरोपी ने किया जिलाबदर आदेश का उल्लंघन
