![]()
राजगढ़ जिले के खिलचीपुर में दीपावली पर पटाखा बाजार रातादेवी ग्राउंड पर लगेगा। प्रशासन ने दुकानों के बीच 4 मीटर की दूरी रखने और सुरक्षा के इंतजाम करने के निर्देश दिए हैं। मैदान पर 45 दुकानें लगेंगी, 1 नवंबर से दुकानों के आवंटन के लिए पर्ची से जगह तय की जाएगी। बुधवार शाम एसडीएम ज्योति बगबैया, तहसीलदार अनिल शर्मा, सीएमओ देव नारायण दांगी, थाना प्रभारी कमल सिंह गेहलोत और हिंदू उत्सव समिति के अध्यक्ष संजय जायसवाल छोटा मेला ग्राउंड पहुंचे। पटाखा व्यापारियों की मौजूदगी में उन्होंने सामने स्थित रातादेवी ग्राउंड का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने कहा कि दुकानों के बीच 4 मीटर की दूरी रखना जरूरी है। हर दुकान पर रेत, पानी और अग्निशमन यंत्र रखने होंगे, ताकि आग लगने पर तुरंत बचाव किया जा सके। उन्होंने व्यापारियों से सुरक्षा इंतजामों में लापरवाही न करने को कहा। थाना प्रभारी कमल सिंह गेहलोत ने कहा कि मुख्य बाजार में पटाखों की दुकान लगाने की अनुमति नहीं होगी। इस साल पटाखा बाजार रातादेवी ग्राउंड पर ही लगेगा। नियम तोड़कर बाजार में दुकान लगाने वालों पर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने व्यापारियों से नियमों के खिलाफ पटाखा दुकान चलने की जानकारी मिलने पर पुलिस को फोन करने को कहा। प्रशासन का कहना है कि तय जगह पर बाजार लगाने से उसे व्यवस्थित रखने और भीड़भाड़ वाले बाजार में आग लगने की आशंका कम करने में मदद मिलेगी।
publish_date
खिलचीपुर में पटाखा बाजार रातादेवी ग्राउंड पर लगेगा:45 दुकानों के बीच 4 मीटर की दूरी जरूरी, 1 नवंबर से पर्ची से आवंटन होगा
