ग्वालियर निगम की जनसुनवाई में हंगामा:नाले पर कब्जे की शिकायत लेकर पहुंचा आर्मी जवान; बोले- 60 फीट का नाला 2 फीट कर दिया




ग्वालियर नगर निगम मुख्यालय में मंगलवार को हुई जनसुनवाई में आर्मी जवान ने नाले पर अतिक्रमण की शिकायत की। जवान ने कहा कि 60 फीट चौड़ा नाला अतिक्रमण के कारण सिर्फ 2 फीट का रह गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि नाले की जगह मकान बना लिए गए हैं और उनके घर के सामने की जमीन पर भी कब्जा किया जा रहा है। जवान ने यह भी कहा कि बाउंड्रीवॉल बनवाने के बाद उन्हें धमकाया जा रहा है। जनसुनवाई में जमीन पर कब्जे, खराब स्ट्रीट लाइट और घर के बाहर बने चबूतरे से जुड़ी शिकायतें भी पहुंचीं। शिकायतकर्ताओं का कहना था कि टैक्स देने और बार-बार आवेदन करने के बावजूद समस्याओं का समाधान नहीं हो रहा है। 60 फीट के नाले में 2 फीट जगह बची गुड़ा पीपरी की कृष्णा कॉलोनी निवासी आर्मी जवान राकेश सिंह भदौरिया ने नाले पर अतिक्रमण की शिकायत की। उन्होंने बताया कि 60 फीट चौड़ा नाला अब सिर्फ 2 फीट का रह गया है। कुछ लोगों ने नाले की जगह पर मकान बना लिए हैं। उनका आरोप है कि उनके घर के सामने की जमीन पर भी कब्जा किया जा रहा है। राकेश सिंह ने बताया कि बाउंड्रीवॉल बनवाने के बाद दीपेंद्र और पुष्पेंद्र राजावत उन्हें धमका रहे हैं। उन्होंने कहा कि 20 अगस्त को शिकायत करने के बावजूद कार्रवाई नहीं हुई। जवान ने नाले की निष्पक्ष नपती कराने और सभी अतिक्रमणकारियों पर कार्रवाई की मांग की, ताकि सड़क निर्माण पूरा हो सके। टैक्स देने के बाद भी स्ट्रीट लाइट नहीं बदली सिटी सेंटर निवासी डॉ. अग्रवाल ने नगर निगम की कार्यशैली पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि वे नियमित रूप से टैक्स जमा करते हैं, लेकिन उनके क्षेत्र की गली में खराब स्ट्रीट लाइट तक नहीं बदली गई। इसके लिए वे कई बार शिकायत कर चुके हैं और जनसुनवाई में भी आवेदन दे चुके हैं। इसके बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ। तख्ती लेकर फिर जनसुनवाई में पहुंचे काशीराम घर के बाहर बने चबूतरे की समस्या को लेकर काशीराम जाटव एक बार फिर तख्ती लेकर जनसुनवाई में पहुंचे। उन्होंने अधिकारियों के सामने अपनी शिकायत रखी। अधिकारियों ने कहा कि पिछली बार भी उनकी समस्या के निराकरण के लिए कर्मचारियों को भेजा गया था। हालांकि, काशीराम ने इससे इनकार करते हुए कहा कि उनके यहां कोई कर्मचारी नहीं पहुंचा। इस मामले ने भी नगर निगम में शिकायतों के निराकरण की प्रक्रिया पर सवाल खड़े किए। आवेदनों को संबंधित अधिकारियों के पास भेजा अपर आयुक्त प्रदीप सिंह तोमर ने कहा कि जनसुनवाई में आवेदन मिले हैं। उन्हें तत्काल संबंधित अधिकारियों के पास निराकरण के लिए भेज दिया गया है, ताकि लोगों की समस्याओं का जल्द समाधान हो सके।



publish_date

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *