Headlines

छतरपुर जिला यूथ कांग्रेस अध्यक्ष पार्टी से सस्पेंड:दिल्ली की रैली में शामिल नहीं होने पर कार्रवाई, प्रदेशभर में 60 पदाधिकारी निलंबित




भारतीय युवा कांग्रेस (IYC) ने मध्यप्रदेश के 60 पदाधिकारियों को निलंबित कर दिया है। इनमें छतरपुर जिला यूथ कांग्रेस अध्यक्ष मानवेंद्र सिंह परमार भी शामिल हैं। दिल्ली में संगठन के कार्यक्रम में शामिल नहीं होने पर यह कार्रवाई की गई। सभी को अगले आदेश तक निलंबित किया गया है। युवा कांग्रेस के आदेश के मुताबिक, पदाधिकारियों को दिल्ली के कार्यक्रम में शामिल होने के निर्देश दिए गए थे। उनकी गैरमौजूदगी को संगठन के निर्देशों की अनदेखी मानते हुए कार्रवाई की गई। इन पर हुई कार्रवाई निलंबित जिला अध्यक्षों में छतरपुर के मानवेंद्र सिंह परमार के अलावा मैहर के सौरभ शर्मा, आगर के पृथ्वीराज चौहान, नीमच के मनमोहन शक्तावत, बुरहानपुर के अर्जुन जांगले, अनूपपुर के मानवेंद्र मिश्रा, गुना के पंचम भील, बड़वानी के आदित्य गोयल और भिंड के मनीष पुरोहित शामिल हैं। आदेश में 5 उपाध्यक्षों के नाम हैं: शिवराज यादव, राजवीर सिंह कुड़िया, योगिता सिंह परिहार, प्रमोद सिंह खरे और नीरज पटेल। इसके अलावा कुल 14 महासचिव और 32 सचिव निलंबित किए गए हैं। महासचिवों में रोहित राजोरिया, राहुल हितेश ठाकुर, सुमन मौर्य और रिया पटेल के नाम शामिल हैं। सचिवों में प्रीयेश चौकाडे, राज नेमा, अभिषेक पांडे, पंकज सिंह राजपूत और शिवदीप रघुवंशी के नाम हैं। निलंबन आदेश पर मध्यप्रदेश युवा कांग्रेस प्रभारी और राष्ट्रीय महासचिव शिवी सिंह चौहान, सह-प्रभारी रूपेश भदौरिया और सह-प्रभारी यज्ञवल्क्य श्रीकांत जिचकार के हस्ताक्षर हैं।



publish_date

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *