छपारा में अग्निकांड के छह मृतकों को दी श्रद्धांजलि:सिवनी बस स्टैंड पर जुटे नगरवासी, विधायक रजनीश बोले-पूरा क्षेत्र शोकाकुल परिवार के साथ खड़ा है




सिवनी जिले के छपारा में दीपावली की रात हुए अग्निकांड में जान गंवाने वाले सराफा व्यापारी कुंदनलाल सोनी और उनके परिवार के पांच सदस्यों को बुधवार रात नगरवासियों ने श्रद्धांजलि दी। बस स्टैंड पर आयोजित कार्यक्रम में लोगों ने दिवंगतों को याद कर श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस दौरान माहौल गमगीन रहा। लोगों ने शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदनाएं व्यक्त कीं। श्रद्धांजलि कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक रजनीश सिंह ने कहा कि सोनी परिवार ने इस हादसे में अपने कई प्रियजनों को खोया है। परिवार पर आए दुख को शब्दों में व्यक्त करना संभव नहीं है। यह केवल एक परिवार की क्षति नहीं, बल्कि पूरे छपारा नगर और क्षेत्र के लिए दुखद घटना है। उन्होंने कहा कि इस कठिन समय में पूरा क्षेत्र शोकाकुल परिवार के साथ खड़ा है। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति और परिवार को इस पीड़ा को सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की। देखिए तीन तस्वीरें… तीन मंजिला मकान में लगी थी आग, छह की मौत उल्लेखनीय है कि दीपावली की रात छपारा के महावीर वार्ड स्थित जैन मोहल्ले में सोमवार तड़के करीब 3 बजे सराफा व्यापारी कुंदनलाल सोनी के तीन मंजिला मकान में आग लग गई थी। आग तेजी से फैलने के कारण मकान में मौजूद लोगों को बाहर निकलने का पर्याप्त समय नहीं मिल पाया। हादसे में कुंदनलाल सोनी (75), उनकी पत्नी राजकुमारी सोनी (65), ऋतु सोनी (42), स्मृति सोनी (40), सूर्या सोनी (45) और आदित्य सोनी (16) की मौत हो गई थी। परिवार के चार सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया था। घटना से पूरे छपारा नगर में शोक है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भी हादसे पर दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख रुपए की आर्थिक सहायता देने के निर्देश दिए हैं। हादसे की जांच के आदेश भी दिए गए हैं।



publish_date

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *