जनविश्वास शिविर में 886 आवेदनों का मौके पर निराकरण:खंडवा के 23 हजार प्लॉटों की रजिस्ट्री पूरी; किसानों को कम पानी वाली फसलें लगाने की सलाह




खंडवा के खालवा ब्लॉक के ग्राम रोशनी स्थित मांगलिक भवन में शुक्रवार को मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत जनसमस्या निवारण शिविर लगाया गया। इसमें ग्रामीणों की समस्याओं और मांगों से जुड़े 886 आवेदन मिले। अधिकारियों ने इनका मौके पर ही निराकरण किया। शिविर में प्रमुख राजस्व आयुक्त निधि निवेदिता ने ग्रामीणों से बातचीत की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शासन की योजनाओं का लाभ सभी पात्र लोगों तक पहुंचाया जाए। 114 गांवों में 3 हजार प्लॉटों का पंजीयन निधि निवेदिता ने स्वामित्व योजना की प्रगति की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि खंडवा जिले में अब तक 23 हजार 738 प्लॉटों का पंजीयन पूरा हो चुका है। वहीं, खालवा विकासखंड के 114 गांवों में करीब 3 हजार प्लॉटों का पंजीयन किया गया है। उन्होंने कहा कि इस योजना से ग्रामीणों को अपनी संपत्ति का कानूनी दस्तावेज मिलेगा। इससे उन्हें बैंक से लोन लेने और मकान बनाने जैसे कामों में सुविधा होगी। मत्स्य पालन से पोषण अभियान को जोड़ने की तैयारी प्रमुख राजस्व आयुक्त ने ग्रामीण विकास और कुपोषण दूर करने के लिए अलग-अलग विभागों को मिलकर काम करने के निर्देश दिए। उन्होंने खालवा की कुछ ग्राम पंचायतों को मॉडल के रूप में विकसित करने की बात कही। इसके लिए मत्स्य पालन, पोषण वाटिका, आंगनवाड़ी की पोषण सेवाओं और महिला स्व-सहायता समूहों की गतिविधियों को एक साथ जोड़ने पर जोर दिया। उन्होंने मत्स्य पालक समूहों और आंगनवाड़ी केंद्रों के बीच तालमेल बनाने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि मत्स्य पालन और कुपोषण को जोड़कर कार्ययोजना तैयार की जाए। इसमें महिला एवं बाल विकास विभाग पोषण की निगरानी करेगा। स्वास्थ्य विभाग जांच और इलाज की जिम्मेदारी संभालेगा। मत्स्य विभाग जल संसाधनों के बेहतर उपयोग और पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करेगा। किसानों को कम पानी वाली फसलें लगाने की सलाह कलेक्टर ऋषव गुप्ता ने ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने बताया कि इस साल जिले में कम बारिश हुई है। ऐसे में आगामी रबी सीजन में किसान सिंचाई के लिए उपलब्ध पानी को देखते हुए कम पानी में तैयार होने वाली फसलें लगाएं। उन्होंने किसानों को पारंपरिक खेती के साथ उद्यानिकी फसलें अपनाने की सलाह दी। इससे किसान बेहतर आय हासिल कर सकते हैं। बुजुर्गों के बनाए जा रहे आयुष्मान कार्ड कलेक्टर ने ग्रामीणों से शिविर में लगे स्वास्थ्य विभाग के स्टॉलों पर जांच कराने की अपील की। शिविर में हीमोग्लोबिन, ब्लड प्रेशर और शुगर की जांच मुफ्त की जा रही थी। उन्होंने बताया कि 70 साल से अधिक उम्र के बुजुर्गों के आयुष्मान कार्ड बनाए जा रहे हैं। इन कार्डों से उन्हें मुफ्त इलाज की सुविधा मिल सकती है। हितग्राहियों को बांटे प्रमाण पत्र और उपकरण शिविर में अलग-अलग सरकारी योजनाओं के हितग्राहियों को लाभ दिया गया। लाड़ली लक्ष्मी योजना के तहत सृष्टि, ध्रुवी, आफिया और प्रिया को प्रमाण पत्र दिए गए। जमीला बी और कुसुम राठौर को पेंशन योजना का लाभ दिया गया। वहीं, हरिओम को पावर स्प्रे पंप दिया गया। प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत एक हितग्राही को पौष्टिक आहार किट भी बांटी गई।



publish_date

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *