जिला अस्पताल के सफाईकर्मियों की हड़ताल खत्म:तीन दिन बाद 1500 रुपए बढ़ा वेतन, गुरुवार से काम पर लौटेंगे




सीधी जिला अस्पताल के सफाईकर्मियों की तीन दिन से जारी हड़ताल बुधवार को खत्म हो गई। ठेकेदार और कर्मचारियों के बीच वेतन बढ़ाने पर सहमति बनी। अब कर्मचारियों को 8 हजार की जगह 9500 रुपए प्रतिमाह मिलेंगे। शिवसेना प्रदेश उपाध्यक्ष विवेक पाण्डेय की पहल पर दोनों पक्षों के बीच समझौता हुआ। कर्मचारियों ने गुरुवार से नियमित रूप से काम पर लौटने की बात कही है। जिला अस्पताल में सफाई का काम करने वाले महिला और पुरुष कर्मचारी कम वेतन मिलने से नाराज थे। उन्होंने मांग को लेकर तीन दिन तक काम बंद कर प्रदर्शन किया। इस दौरान अस्पताल परिसर की सफाई नहीं हो सकी। स्थानीय विधायक ने भी पहले कर्मचारियों की मांगों को लेकर प्रयास किए थे, लेकिन समाधान नहीं निकला था। आंदोलन के बीच विवेक पाण्डेय ने मामले में दखल दिया था। उन्होंने मांगें पूरी नहीं होने पर प्रदर्शन की चेतावनी दी थी। इसके बाद ठेकेदार असलम खान ने बातचीत शुरू की। बुधवार को विवेक पाण्डेय जिला अस्पताल पहुंचे और दोनों पक्षों के बीच बातचीत कराई। बुधवार शाम करीब 4:30 बजे हुई बातचीत में 9500 रुपए मासिक वेतन देने पर सहमति बनी। इसके बाद सफाईकर्मियों ने हड़ताल खत्म करने का फैसला किया। विवेक पाण्डेय ने कहा कि सफाईकर्मी अस्पताल की व्यवस्था का हिस्सा हैं और उनकी मेहनत के हिसाब से उचित वेतन मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि बातचीत से समाधान निकला है।



publish_date

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *