![]()
भोपाल में साइबर ठगी के दो मामले सामने आए हैं। अरेरा हिल्स इलाके में 62 वर्षीय बुजुर्ग महिला को दिल्ली पुलिस का अधिकारी बनकर फोन किया गया। जालसाजों ने एयरपोर्ट पर संदिग्ध पार्सल पकड़े जाने और उसकी बुकिंग में महिला का मोबाइल नंबर इस्तेमाल होने की बात कहकर डराया। इसके बाद उनसे 4 लाख 64 हजार 645 रुपए ठग लिए। वहीं, अवधपुरी में एक व्यक्ति का मोबाइल हैक कर कॉल फॉरवर्डिंग के जरिए दो क्रेडिट कार्ड से 1 लाख 62 हजार 502 रुपए निकाल लिए गए। दोनों मामलों में पुलिस ने 28 अक्टूबर को केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। दिल्ली पुलिस का अधिकारी बनकर संदिग्ध पार्सल का डर दिखाया अरेरा हिल्स थाना क्षेत्र के मालवीय नगर स्थित हैप्पी होम अपार्टमेंट निवासी लता वनवारी (62) के साथ यह धोखाधड़ी हुई। शिकायत के मुताबिक, जालसाजों ने उन्हें फोन कर बताया कि एयरपोर्ट पर एक संदिग्ध पार्सल पकड़ा गया है। इसकी बुकिंग में उनके मोबाइल नंबर का इस्तेमाल किया गया है। फोन करने वाले ने खुद को दिल्ली पुलिस से जुड़ा अधिकारी बताया और मामले में कार्रवाई का डर दिखाया। इसके बाद महिला से 4 लाख 64 हजार 645 रुपए ठग लिए गए। महिला ने 28 अक्टूबर को अरेरा हिल्स थाने में लिखित शिकायत दी। इससे पहले उन्होंने साइबर सेल में शिकायत की थी। साइबर सेल ने जीरो पर एफआईआर दर्ज कर मामला अरेरा हिल्स थाने भेजा था। इसके बाद पुलिस ने संबंधित थाने में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस रकम ट्रांसफर होने के तरीके और आरोपियों की पहचान कर रही है। कॉल फॉरवर्डिंग के जरिए क्रेडिट कार्ड से निकाले रुपए अवधपुरी थाना क्षेत्र के रीगल पैराडाइज फेस-1 निवासी पंकज श्रीवास्तव ने मोबाइल हैक कर कॉल फॉरवर्डिंग के जरिए ठगी किए जाने की शिकायत की है। उनके मुताबिक, मोबाइल का कॉल दूसरे नंबर पर डायवर्ट करने के बाद दो क्रेडिट कार्ड से ट्रांजेक्शन किए गए। पंकज ने बताया कि 23 अक्टूबर की रात 11:22 बजे आईसीआईसीआई बैंक के क्रेडिट कार्ड से 10 हजार रुपए कटने का मैसेज आया। इसके बाद 8-8 हजार रुपए के दो और फिर 9,500, 8 हजार और 9,500 रुपए के ट्रांजेक्शन हुए। उनके अनुसार, इस कार्ड से कुल 63 हजार रुपए निकाले गए। इसके बाद 24 अक्टूबर की रात 12:20 बजे एचडीएफसी बैंक के क्रेडिट कार्ड से 90 हजार रुपए कट गए। पीड़ित ने दोनों कार्ड से कुल 1 लाख 62 हजार 502 रुपए की धोखाधड़ी की शिकायत की है। उनका कहना है कि उन्होंने कोई भुगतान नहीं किया और न ही किसी ट्रांजेक्शन की अनुमति दी थी। अवधपुरी पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
publish_date
जेल का डर दिखाकर बुजुर्ग महिला से 4.64 लाख ठगे:दिल्ली एयरपोर्ट पर पकड़े संदिग्ध पार्सल को बुजुर्ग के नाम से बुक होना बताया
