Headlines

ट्रक की टक्कर से पुलिस वाहन क्षतिग्रस्त, डीएसपी घायल:टक्कर मारने वाला ट्रक भी पलटा; जबलपुर से बालाघाट लौट रहे थे विमलेश उईके, चालक-कंडक्टर फरार




सिवनी जिले के नेशनल हाईवे-44 पर छपारा बाईपास चौराहे के पास बुधवार दोपहर तेज रफ्तार ट्रक ने बालाघाट 36वीं बटालियन के सरकारी पुलिस वाहन को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पुलिस वाहन को क्षति पहुंची, वहीं अनियंत्रित ट्रक कुछ दूरी तक जाने के बाद सड़क पर पलट गया। हादसे में बटालियन के डीएसपी विमलेश उईके को मामूली चोटें आई हैं। उन्हें उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र छपारा में भर्ती कराया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार डीएसपी विमलेश उईके अपने गनमैन, वाहन चालक और एक आरक्षक के साथ सरकारी वाहन से जबलपुर से बालाघाट लौट रहे थे। इसी दौरान छपारा बाईपास चौराहे के पास जबलपुर की ओर से पीछे आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उनके वाहन को टक्कर मार दी। अचानक हुई इस घटना से पुलिस वाहन में सवार लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना की सूचना मिलते ही छपारा पुलिस मौके पर पहुंची और घायल डीएसपी को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में उनका उपचार किया जा रहा है। वाहन में सवार अन्य लोगों की स्थिति को लेकर विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है। टक्कर के बाद ट्रक चालक-कंडक्टर फरार पुलिस वाहन को टक्कर मारने के बाद ट्रक चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और ट्रक कुछ दूरी पर जाकर पलट गया। दुर्घटना के बाद ट्रक चालक और कंडक्टर मौके से फरार हो गए। पुलिस उनकी तलाश में जुटी है। दुर्घटनाग्रस्त दोनों वाहनों को लेकर भी आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। हाईवे पर सुरक्षा को लेकर फिर उठे सवाल नेशनल हाईवे-44 सिवनी जिले से होकर गुजरने वाला महत्वपूर्ण मार्ग है। इस मार्ग पर जबलपुर, सिवनी और नागपुर की ओर लगातार भारी वाहनों तथा यात्री वाहनों की आवाजाही बनी रहती है। ऐसे में तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाना गंभीर हादसों का कारण बन सकता है। फिलहाल छपारा पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। ट्रक चालक की लापरवाही, वाहन की गति और दुर्घटना की परिस्थितियों का पता जांच के बाद ही चल सकेगा।



publish_date

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *