Headlines

दमोह के मजदूर को नोएडा में कार ने रौंदा:गंभीर हालत में दमोह लाया; डॉक्टर ने सागर मेडिकल कॉलेज रेफर किया




दमोह जिले के तेजगढ़ थाना क्षेत्र के माडनखेड़ा गांव निवासी मजदूर राजू अहिरवार (50) नोएडा में सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन रविवार रात उसे 25 हजार रुपए खर्च कर एंबुलेंस से दमोह जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। मरीज की हालत गंभीर होने के कारण डॉक्टरों ने उसे सागर या जबलपुर मेडिकल कॉलेज ले जाने की सलाह दी। तीन दिन पहले कार ने मारी थी टक्कर परिजनों के मुताबिक, राजू पिता भुज्जी अहिरवार पिछले तीन महीने से अपने परिजनों के साथ नोएडा में मजदूरी कर रहा था। तीन दिन पहले मजदूरी से लौटते समय एक कार ने उसे टक्कर मार दी थी। हादसे के बाद कार चालक ने उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया, लेकिन बाद में वहां से चला गया। परिजनों के पास निजी अस्पताल में इलाज जारी रखने के लिए पर्याप्त पैसे नहीं थे। इसके बाद वे उसे एंबुलेंस से दमोह लेकर आए। मरीज वेंटिलेटर पर, मेडिकल कॉलेज ले जाने की सलाह जिला अस्पताल के ड्यूटी डॉक्टर ऐश्वर्य प्रताप सिंह ने बताया कि मरीज की हालत बेहद नाजुक है और वह वेंटिलेटर पर है। उसकी स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल में इलाज संभव नहीं है। परिजनों को बेहतर उपचार के लिए सागर या जबलपुर मेडिकल कॉलेज ले जाने की सलाह दी गई है। चार बेटियों के भरण-पोषण के लिए मदद की मांग परिजनों ने बताया कि राजू की चार बेटियां हैं। परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण वे इलाज और बेटियों के भरण-पोषण के लिए प्रशासन से मदद चाहते हैं। बाद में परिजन घायल को घर ले जाने की बात पर तैयार हो गए।



publish_date

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *