![]()
स्वच्छता में देशभर में अपनी पहचान बनाने वाले इंदौर को इस बार एक अलग भूमिका में राष्ट्रीय सम्मान मिलने जा रहा है। इंदौर ने अपने अनुभव और संसाधनों के जरिए देपालपुर को स्वच्छता के मामले में बेहतर बनाने की जिम्मेदारी निभाई। इसी साझेदारी के लिए बुधवार 1 नवंबर को दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित समारोह में इंदौर-देपालपुर की जोड़ी को सम्मानित किया जाएगा। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की मौजूदगी में पुरस्कारों की घोषणा होगी। मेयर पुष्यमित्र भार्गव, निगम कमिश्नर क्षितिज सिंघल सहित आठ सदस्यीय टीम सम्मान समारोह में शामिल होने दिल्ली पहुंची है। इस बार स्वच्छता लीग में इंदौर सहित देश के 72 शहरों को सीधे शामिल नहीं किया गया था। इन शहरों को अपने-अपने एक जोड़ीदार शहर को स्वच्छता के मामले में बेहतर बनाने की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। इंदौर ने इसके लिए जिले के देपालपुर को चुना। नगर पंचायत देपालपुर में इंदौर की स्वच्छता व्यवस्था और काम करने के तरीके लागू करने पर जोर दिया गया। इसका असर अब राष्ट्रीय स्तर पर दिखाई दे रहा है। देपालपुर की बदली तस्वीर ने दिलाया सम्मान करीब दो साल पहले देपालपुर प्रदेश के 380 शहरों में स्वच्छता के मामले में 378वें स्थान पर था। पिछले सर्वेक्षण में देश के 2030 शहरों में इसे 1710वीं रैंक मिली थी। इस बार छोटे शहरों की श्रेणी में देपालपुर का प्रदर्शन इतना बेहतर रहा कि इसे राष्ट्रीय सम्मान के लिए चुना गया है। 20 हजार आबादी वाले शहरों की श्रेणी में देपालपुर पहले स्थान पर भी रहा। 50 टन पुराना कचरा हटाया: लीगेसी वेस्ट के निपटान के लिए इंदौर नगर निगम के करीब 2 हजार सफाईकर्मियों और रैग पिकर्स ने अभियान चलाया। देपालपुर को बेहतर बनाने के लिए इंदौर ने ये काम किए स्वच्छ शहर जोड़ी पहल में मिली सफलता स्वच्छ शहर जोड़ी पहल के तहत बेहतर प्रदर्शन करने वाले शहरों को दूसरे शहरों की स्वच्छता व्यवस्था सुधारने के लिए मेंटर बनाया गया था। इंदौर ने देपालपुर को जोड़ीदार शहर चुना और अपनी सफाई व्यवस्था का अनुभव, तकनीक और संसाधन साझा किए। इस पहल में देश के 70 मेंटर शहरों और 191 मेंटी शहरों को शामिल किया गया था। जानिए देपालपुर के बारे में देपालपुर इंदौर जिले का ऐतिहासिक नगर और तहसील मुख्यालय है। यह इंदौर से करीब 41 किलोमीटर दूर है। तहसील में 149 गांव शामिल हैं। कृषि और धार्मिक स्थलों के लिए पहचाने जाने वाले इस कस्बे को अब स्वच्छता के क्षेत्र में भी राष्ट्रीय पहचान मिलने जा रही है।
publish_date
दिल्ली में आज इंदौर-देपालपुर की जोड़ी को मिलेगा स्वच्छता अवॉर्ड:इंदौर ने मेंटर बनकर स्वच्छता में आगे बढ़ाया; घर-घर कचरा संग्रहण,संसाधन, नियमित मॉनिटरिंग से बदली तस्वीर
