दिवाली पर खरीदी राइडर बाइक से 5वर्षीय बच्ची को रौंदा:मौके पर मौत; सवार युवती भी घायल, आरोपी युवक सदमे में; खंडवा-मूंदी रोड़ पर हादसा




खंडवा जिले में खंडवा-मूंदी स्टेट हाईवे पर सोमवार शाम बाइक की टक्कर से 5 साल की बच्ची की मौत हो गई। हादसा ग्राम तलवड़िया के आगे एक ढाबे के पास हुआ। बाइक पर पीछे बैठी युवती भी गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे खंडवा जिला अस्पताल में प्राथमिक इलाज के बाद इंदौर रेफर किया गया है। मां के साथ खेत के बाहर खड़ी थी बच्ची मृत बच्ची की पहचान सानवी पिता सतेंद्र (5), निवासी ग्राम केहलारी के रूप में हुई है। हादसा सोमवार शाम करीब 4 बजे हुआ। जानकारी के अनुसार, सानवी अपनी मां के साथ खेत के बाहर खड़ी थी। इसी दौरान खेलते हुए वह सड़क किनारे पहुंच गई। उधर, बाइक चला रहा राज पिता महेश निवासी ग्राम सातमोहनी सड़क पर बने गड्ढों से बचने की कोशिश कर रहा था। उसने बाइक किनारे की ओर मोड़ी, तभी बच्ची उसकी चपेट में आ गई। टक्कर से बच्ची उछलकर दूर जा गिरी। मौके पर मौजूद लोग और परिजन उसे संभालने पहुंचे, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। परिचित युवती को घुमाकर लौट रहा था युवक पुलिस जांच के मुताबिक, राज अपनी ही गांव की एक परिचित युवती को बाइक पर घुमाने के लिए खंडवा आया था। दोनों वापस गांव लौट रहे थे। युवक ने दिवाली पर ही नई राइडर बाइक खरीदी थी। हादसे के समय बाइक की नंबर प्लेट भी नहीं आई थी। युवती इंदौर रेफर, बाइक चालक हिरासत में हादसे में बाइक पर पीछे बैठी युवती को गंभीर चोटें आईं। उसे खंडवा जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से डॉक्टरों ने इंदौर रेफर कर दिया। जावर थाना टीआई सुलोचना गहलोत के अनुसार, बच्ची की मौत के मामले में बाइक चालक राज के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज किया गया है। उसे पुलिस हिरासत में लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।



publish_date

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *