भास्कर संवाददाता|खंडवा जिले में इस बार अच्छी बारिश और अनुकूल मौसम रहने से कई गांव गेंदा के फूलों से महक रहे हैं। खेतों में फूलों की बहार है। महाराष्ट्र नहीं स्थानीय गेंदे के फूलों से बाजार महक रहा है। दीपावली से एक दिन पहले शहर में गेंदे के फूल की जमकर बिक्री हुई। पूजन के साथ ही लोगों ने घरों को सजाने के लिए गेंदे के फूलों की खरीदी की। स्थानीय गेंदे के फूलों की बाजार में अधिक आवक है। व्यापारियों के मुताबिक शहर में रोजाना 300 से 350 क्विंटल गेंदा आ रहा है। शनिवार को 50 से 60 रुपए किलो फूल बिका। फूल विक्रेताओं के अनुसार दीपावली पर गेंदे के फूल के अच्छे भाव मिलने की संभावना है। फूलमाली एसोसिएशन के अध्यक्ष सुभाष पटेल और फूल विक्रेता आशीष माली, अशोक माली ने बताया बाजार में अभी 50 से 60 रुपए किलो गेंदा फूल बिक रहा है। कहीं-कहीं अच्छी क्वालिटी और बड़े साइज का फूल 70 रुपए किलो तक भी बिक रहा है। जिले के नहाल्दा, सुरगांव जोशी, पलकना, आवलिया, पांजरिया, टिगरिया सहित अन्य क्षेत्रों से बड़ी मात्रा में फूल आ रहा है। कुछ साल पहले तक व्यापारियों द्वारा महाराष्ट्र के बुलढाना से माल बुलवाया जा रहा है। लेकिन स्थानीय स्तर पर ही फूलों की आवक अच्छी है, इससे दीपावली तक गेंदा फूल के अच्छे भाव रहने की संभावना है। गेंदे के फूलों से महका बाजार।
publish_date
दीपावली से पहले गेंदे के फूलों से महका बाजार, 50 से 60 रु. किलो तक बिके फूल
