![]()
देवास में आय से अधिक संपत्ति के मामले में लोकायुक्त की कार्रवाई के बीच प्रधान आरक्षक फिरोज खान से जुड़ी तस्वीरें चर्चा में हैं। इन तस्वीरों में से एक में फिरोज खान निरीक्षक महेंद्र पटेल के कंधे पर हाथ रखे नजर आ रहे हैं, जबकि उनके दूसरे हाथ में पिस्टल दिखाई दे रही है। इस बीच देवास जिला विशेष शाखा में तैनात निरीक्षक महेंद्र पटेल का भोपाल तबादला कर दिया गया है। हालांकि, तबादले की आधिकारिक वजह स्पष्ट नहीं है। फिरोज खान की कुछ नेताओं के साथ तस्वीरें और उनकी बेटी की शादी में नोट उड़ाने का वीडियो भी सामने आया था। तस्वीरें सामने आने के बाद निरीक्षक महेंद्र पटेल के तबादले को लेकर चर्चाएं हो रही हैं। लेकिन उपलब्ध जानकारी के आधार पर तस्वीरों और तबादले के बीच किसी आधिकारिक तौर पर पुष्ट संबंध की पुष्टि नहीं होती। जांच में 38 अचल संपत्तियों का खुलासा लोकायुक्त पुलिस के अनुसार, पुलिस प्रशिक्षण महाविद्यालय, इंदौर में पदस्थ प्रधान आरक्षक चालक फिरोज खान के खिलाफ 14 अक्टूबर को सर्च कार्रवाई शुरू की गई थी। 16 अक्टूबर तक की जांच में आरोपी, उसके सहयोगियों, फर्म और परिवार के नाम पर कुल 38 अचल संपत्तियों की जानकारी सामने आई। इन संपत्तियों की गाइडलाइन कीमत 12 करोड़ 97 लाख 5 हजार 901 रुपए, जबकि अनुमानित बाजार कीमत 35 करोड़ 46 लाख 46 हजार 768 रुपए आंकी गई है। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी ने सहयोगियों और परिचितों के नाम पर संपत्तियां खरीदी थीं। 15.52 करोड़ रुपए के व्यय की जानकारी अब तक चल और अचल संपत्तियों पर कुल 15 करोड़ 52 लाख 2 हजार 923 रुपए के व्यय का पता चला है। मामले में विभिन्न विभागों से जानकारी जुटाने के लिए पत्र भेजे गए हैं। लोकायुक्त ने बताया कि प्राप्त होने वाली जानकारियों और अन्य तथ्यों के आधार पर विवेचना जारी है। यह कार्रवाई लोकायुक्त पुलिस इंदौर द्वारा महानिदेशक योगेश देशमुख के निर्देशन तथा उप पुलिस महानिरीक्षक मनोज कुमार सिंह और पुलिस अधीक्षक राजेश सहाय के मार्गदर्शन में की जा रही है। ——- यह खबर भी पढ़ें… हेड कॉन्स्टेबल के 22 बैंक खाते जांच के दायरे में
पुलिस विभाग में आरक्षक के रूप में भर्ती होकर अधिकारियों की गाड़ियां चलाने वाले हेड कॉन्सटेबल फिरोज खान की संपत्तियों को लेकर लोकायुक्त की जांच में कई अहम जानकारियां सामने आई हैं। पूरी खबर पढे़ं…
publish_date
