Headlines

जंपर जोड़ने खंभे पर चढ़ा युवक करंट से झुलसा:जिला अस्पताल में इलाज जारी, परिजनों ने सड़क पर किया विरोध, FIR के बाद हटे




अशोकनगर के बमनावर गांव में शनिवार सुबह करीब 9 बजे बिजली के खंभे पर काम करते समय एक युवक को करंट लग गया। रंजीत जाटव जंपर जोड़ने के लिए खंभे पर चढ़े थे। परिजनों का आरोप है कि बिजली बंद होने की बात कहने के बाद उन्हें काम पर लगाया गया था, लेकिन इसी दौरान बिजली चालू कर दी गई। हादसे में रंजीत घायल हो गए। उनका जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। पहले ईसागढ़ अस्पताल ले गए घटना के बाद रंजीत को ईसागढ़ के सरकारी अस्पताल ले जाया गया। वहां से डॉक्टरों ने उन्हें अशोकनगर जिला अस्पताल रेफर कर दिया। घटना से नाराज परिजन और समाज के कुछ लोग ईसागढ़ में सड़क पर विरोध करने पहुंचे। थाना प्रभारी मनीष गुर्जर ने एफआईआर दर्ज करने की बात कही। इसके बाद लोग वहां से हट गए। बाद में पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया। पिता ने लाइनमैन पर लगाए आरोप रंजीत के पिता धर्मपाल जाटव ने थाने में शिकायत की है। उनका आरोप है कि खेत पर लगे बिजली के खंभे के जंपर पहले से टूटे हुए थे। इस बारे में लाइनमैन रमाशंकर महाराज से बात हुई थी। उन्होंने कहा था कि बमनावर लाइन का परमिट ले लिया है और बिजली बंद करवा दी है। इसके बाद रंजीत को जंपर जोड़ने के लिए खंभे पर चढ़ने को कहा गया। परिजनों का आरोप है कि रंजीत जब खंभे पर काम कर रहे थे, तभी ईसागढ़ फीडर के ड्यूटी कर्मचारी ने बिजली चालू कर दी। इससे उन्हें करंट लग गया। शिकायत में लाइनमैन और फीडर कर्मचारी की लापरवाही को हादसे की वजह बताया गया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।



publish_date

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *