देवास में उद्घाटन से पहले फुटबॉल मैदान ऊबड़-खाबड़ मिला:एसपी बोले- ऐसी हालत में ग्राउंड नहीं लेंगे, ड्रोन से फोटोग्राफी कराने कहा




देवास शहर के कुशाभाऊ ठाकरे स्टेडियम में बने सिंथेटिक एथलेटिक ट्रैक के लोकार्पण से ठीक पहले प्रशासनिक तैयारियों की पोल खुल गई है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मंगलवार 17 नवंबर को दोपहर 1 बजे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए 9.44 करोड़ रुपए की लागत से बने 400 मीटर लंबे 8-लेन सिंथेटिक एथलेटिक ट्रैक का लोकार्पण करेंगे। लेकिन इससे पहले जब अधिकारियों ने स्टेडियम का निरीक्षण किया, तो ट्रैक के बीचों-बीच बने फुटबॉल मैदान की बदहाल स्थिति देखकर एसपी आदित्य मिश्रा भड़क उठे और मौके पर ही अधिकारियों व निर्माण एजेंसी की जमकर क्लास लगा दी। निरीक्षण के दौरान फुटबॉल मैदान बेहद ऊबड़-खाबड़ और जगह-जगह से खराब नजर आ रहा था। इसे देखकर एसपी आदित्य मिश्रा ने नाराजगी जताई। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों और निर्माण एजेंसी के कर्मचारियों से सीधा सवाल किया कि आखिर इस हालत में इसे फुटबॉल ग्राउंड कैसे कहा जा सकता है? इस पर निर्माण एजेंसी के कर्मचारी सैंड फिलिंग (रेत भराई) और घास लगाने की प्रक्रिया का हवाला देते रहे, लेकिन एसपी उनके जवाब से बिल्कुल संतुष्ट नहीं हुए। ड्रोन से होगी मैदान की फोटोग्राफी, एजेंसी को जारी किया गया नोटिस एसपी ने सख्त निर्देश देते हुए कहा कि मैदान की मौजूदा बदहाल स्थिति की तुरंत फोटोग्राफी कराई जाए और संबंधित एजेंसी को लिखित में दिया जाए कि मैदान की हालत बेहद खराब है। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि इस स्थिति में मैदान को कतई स्वीकार नहीं किया जाएगा। साथ ही, लोकार्पण कार्यक्रम के बाद निर्माण एजेंसी किसी तरह की बहानेबाजी न कर सके, इसके लिए पूरे मैदान की ड्रोन से भी फोटोग्राफी कराने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं, इस मामले में जिला खेल अधिकारी सेना गाडरिया ने बताया कि अधिकारियों के निर्देश के मुताबिक निर्माण एजेंसी के अधिकारियों को अवगत कराते हुए लिखित पत्र जारी कर दिया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक फुटबॉल मैदान को पूरी तरह से ठीक नहीं किया जाएगा, तब तक विभाग इसका हैंडओवर नहीं लेगा।



publish_date

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *