नगर निगम के लिए झांसी से डीजल खरीदी पर रोक:अब ग्वालियर से खरीदेगा ईंधन, परिषद की मंजूरी बाकी




ग्वालियर नगर निगम में झांसी से पेट्रोल-डीजल की खरीदी का फैसला सवालों के घेरे में है। खर्च में कटौती और हर महीने लाखों रुपए की बचत के उद्देश्य से लिए गए इस फैसले पर अब करीब 6 करोड़ रुपए के कथित नुकसान के आरोप लग रहे हैं। फिलहाल झांसी से तेल की खरीदी पर रोक लगा दी गई है। अब परिषद की स्वीकृति के बाद निगम अपने वाहनों के लिए डीजल ग्वालियर से खरीदेगा। हालांकि, अब तक इस कथित नुकसान के लिए किसी की जिम्मेदारी तय नहीं हो पाई है। दरअसल, नगर निगम ने पेट्रोल-डीजल की खरीदी में बचत का अनुमान लगाते हुए झांसी से तेल खरीदने का फैसला किया था। प्रस्ताव में प्रति लीटर 3.70 रुपए की बचत का दावा किया था। इससे हर महीने 11.10 लाख रुपए और सालाना करीब 1.33 करोड़ रुपए की बचत होने का अनुमान था। हालांकि, अब इसी फैसले पर सवाल उठ रहे हैं। करीब छह महीने की खरीदी में 6 करोड़ रुपए के नुकसान का दावा किया जा रहा है। 770 वाहनों में हर महीने एक लाख लीटर से ज्यादा डीजल की खपत नगर निगम के पास छोटे-बड़े करीब 770 वाहन हैं। इनमें सफाई व्यवस्था, कचरा परिवहन और अन्य जरूरी सेवाओं में लगे वाहन शामिल हैं। इनके संचालन के लिए हर महीने एक लाख लीटर से ज्यादा डीजल की खपत होती है। ऐसे में तेल की खरीदी की कीमत में मामूली अंतर भी निगम के बजट पर बड़ा असर डाल सकता है। झांसी से खरीदी के मामले में आरोप है कि निगम को प्रति लीटर 34 रुपए तक अतिरिक्त कीमत चुकानी पड़ी। इसी आधार पर करीब छह महीने में 6 करोड़ रुपए के नुकसान का दावा किया जा रहा है। हालांकि, इस मामले में अब तक किसी की जिम्मेदारी तय नहीं हो पाई है।



publish_date

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *