नरसिंहगढ़ में झाली जी मंदिर में 100वां अन्नकूट महोत्सव:1790 में झाली रानी ने बनवाया था मंदिर; 1923 से एक ही परिवार कर रहा सेवा




राजगढ़ जिले के नरसिंहगढ़ स्थित श्री लक्ष्मी नारायण झाली जी मंदिर में मंगलवार रात गोपाष्टमी पर 100वां अन्नकूट महोत्सव मनाया गया। करीब 236 साल पुराने मंदिर में इस आयोजन के लिए विशेष तैयारियां की गई थीं। मंदिर को फूलों और रंग-बिरंगी रोशनी से सजाया गया। भगवान को कई तरह के पकवानों का भोग लगाया गया। नरसिंहगढ़ के अलावा मध्यप्रदेश के अलग-अलग इलाकों से श्रद्धालु पहुंचे। रात में आरती के बाद मंदिर के पट दर्शन के लिए खुले रहे। श्रद्धालुओं ने देर रात तक दर्शन किए। 1790 में झाली रानी ने करवाई थी मंदिर की स्थापना मंदिर के आचार्य राघवेंद्र जी ने बताया कि मंदिर की स्थापना 1790 में झाली रानी ने करवाई थी। रियासत काल में मंदिर का जीर्णोद्धार भी हुआ था। उन्होंने बताया कि 1923 में उनके दादाजी मोतीलाल महाराज ने मंदिर में भगवान की सेवा शुरू की थी। तब से उनका परिवार पूजा-अर्चना और सेवा कर रहा है। मंदिर में सीताराम और राधाकृष्ण स्वरूप की आराधना की परंपरा है। शिव-पार्वती और मां अन्नपूर्णा की रंगोली बनाई महोत्सव में मंदिर की सजावट के साथ रंगोली भी आकर्षण का केंद्र रही। पिछले सात साल से मंदिर परिसर में रंगोली बना रहीं छवि शर्मा ने भगवान शिव-पार्वती और मां अन्नपूर्णा की रंगोली बनाई। इसे देखने के लिए श्रद्धालु रुके। रात में आरती के बाद स्थानीय समिति ने सुंदरकांड पाठ कराया। इसके बाद श्रद्धालुओं ने प्रसादी ग्रहण की। 100वें अन्नकूट महोत्सव के मौके पर सर्व ब्राह्मण समाज के अध्यक्ष और समाजजनों ने आचार्य राघवेंद्र जी को श्रीफल और साफा भेंटकर सम्मानित किया। जनप्रतिनिधि और समाज के लोग हुए शामिल कार्यक्रम में विधायक प्रतिनिधि सुदीप शर्मा, भाजपा उपाध्यक्ष सत्येंद्र सिंह राठौर, पूर्व विधायक गिरीश भंडारी, मंदिर महंत श्री दीपेंद्र दास, श्री जमात बड़ा महादेव राम मंदिर से चंद्रमा दास, जगदीश मंदिर से मनोज दीक्षित, सत्यनारायण मंदिर से हर्षित वैष्णव और लोकेंद्र मिश्रा मौजूद रहे। इसके अलावा सर्व ब्राह्मण समाज के पदाधिकारी, समाजसेवी और श्रद्धालु भी शामिल हुए। ब्राह्मण समाज के विजय शर्मा, नरेंद्र शर्मा, दिनेश शर्मा, भगवंती शर्मा, महेंद्र व्यास और महेंद्र शर्मा सहित अन्य लोगों ने भी आयोजन में हिस्सा लिया। 100वीं बार हुए इस आयोजन में मंदिर की सेवा और आस्था से जुड़ी परंपरा की झलक देखने को मिली। पीढ़ियां बदलने के बाद भी मंदिर में पूजा-अर्चना और सेवा का सिलसिला जारी है।



publish_date

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *