![]()
महिला एशियन हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी-2026 के आगाज से पहले भोपाल में अंतरराष्ट्रीय हॉकी का माहौल बनने लगा है। सोमवार को नाथू बरखेड़ा स्थित इंटरनेशनल स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में भारतीय और जापानी महिला हॉकी टीमों के बीच एक घंटे का अभ्यास मैच खेला गया। शाम 6:30 से 7:30 बजे तक चले इस मुकाबले में दोनों टीमों ने टूर्नामेंट से पहले अपनी तैयारियों, रणनीति और खिलाड़ियों के तालमेल को परखा। इससे पहले दोनों टीमों ने शाम 5:30 बजे से मैदान पर अभ्यास किया। इधर, टूर्नामेंट की तैयारियों को लेकर प्रदेश के सहकारिता, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने सोमवार को आयोजन स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने खेल विभाग, हॉकी इंडिया और मध्यप्रदेश रोड डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन (एमपीआरडीसी) के अधिकारियों के साथ बैठक कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की। मंत्री ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ समय-सीमा में तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए। 19 नवंबर को खेल परिसर के पहले चरण का लोकार्पण महिला एशियन हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी का आगाज 19 नवंबर को होगा। इसी दिन नाथू बरखेड़ा स्थित अंतरराष्ट्रीय खेल परिसर के प्रथम चरण का लोकार्पण भी किया जाएगा। अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप तैयार इस परिसर में अत्याधुनिक हॉकी स्टेडियम बनाया गया है। मंत्री सारंग ने लोकार्पण समारोह की तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश दिए। ब्रॉडकास्टिंग से कंट्रोल रूम तक की व्यवस्था पर फोकस मंत्री ने अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता को देखते हुए मैचों की ब्रॉडकास्टिंग, इंटरनेट कनेक्टिविटी, तकनीकी उपकरणों, कैमरा प्लेटफॉर्म और कंट्रोल रूम की व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने मैचों का प्रसारण निर्बाध और उच्च गुणवत्ता के साथ सुनिश्चित करने को कहा। इसके अलावा खिलाड़ियों, अधिकारियों, अतिथियों और दर्शकों के लिए अलग-अलग प्रवेश एवं निकास व्यवस्था, पार्किंग, लाइटिंग, एलईडी स्क्रीन, साउंड सिस्टम और वीआईपी बैठक व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए। शहर में दिखेगा हॉकी का उत्सव, एयरपोर्ट पर होगा अतिथियों का स्वागत टूर्नामेंट के प्रचार-प्रसार के लिए भोपाल के प्रमुख चौराहों, मार्गों और सार्वजनिक स्थलों पर होर्डिंग, कटआउट, स्क्वायर ब्रांडिंग और रूट ब्रांडिंग की जाएगी। मंत्री ने एयरपोर्ट पर स्वागत काउंटर बनाने, खिलाड़ियों और विशिष्ट अतिथियों के स्वागत तथा आमंत्रण-पत्र और परिचय-पत्र वितरण की व्यवस्था भी समयबद्ध तरीके से करने को कहा। प्रत्येक मैच के लिए मुख्य अतिथि, दर्शकों की संख्या और बैठने की व्यवस्था की अलग कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश भी दिए। 6 टीमें लेंगी हिस्सा, भारत का पहला मुकाबला मलेशिया से भोपाल में 19 से 28 नवंबर तक होने वाली इस प्रतियोगिता में भारत, चीन, जापान, दक्षिण कोरिया, मलेशिया और थाईलैंड की टीमें हिस्सा लेंगी। पहले दिन दोपहर 1 बजे चीन और थाईलैंड के बीच मुकाबला होगा। दोपहर 3:15 बजे जापान और दक्षिण कोरिया आमने-सामने होंगे। उद्घाटन समारोह के बाद शाम 7 बजे मेजबान भारत का मुकाबला मलेशिया से होगा। मौजूदा चैंपियन भारतीय टीम की नजर लगातार तीसरी और कुल चौथी बार खिताब जीतने पर है। स्टेडियम में दर्शकों के लिए प्रवेश नि:शुल्क रखा गया है।
publish_date
भारत-जापान की महिला हॉकी टीमों के बीच अभ्यास मैच:भोपाल में 19 से शुरू होगी एशियन चैंपियंस ट्रॉफी; दर्शकों के लिए प्रवेश रहेगा नि:शुल्क
