![]()
भोपाल के सुखी सेवनिया थाना क्षेत्र में भोपाल-विदिशा स्टेट हाईवे-18 पर सोमवार को देहरी तालाब के पास कार और बाइक की भिड़ंत हो गई। हादसे में बाइक सवार पति-पत्नी सहित उनके एक रिश्तेदार की मौत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए, जबकि कार अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतर गई। गनीमत रही कि कार के एयरबैग खुलने से चालक की जान बच गई। जानकारी के अनुसार भोपाल के आनंद नगर निवासी राजकुमार साहू (50), उनकी पत्नी माया साहू (45) और रेहटी निवासी उनके रिश्तेदार सोनू साहू (करीब 25) बाइक से रायसेन जिले के अंबाड़ी में एक रिश्तेदार के यहां आयोजित रसोई कार्यक्रम में शामिल होने आए थे। सोमवार को तीनों बाइक से वापस भोपाल लौट रहे थे। इसी दौरान दाल मिल चौराहे से आगे देहरी तालाब के पास भोपाल से विदिशा की ओर जा रही कार (MP04 WC 7361) से उनकी भिड़ंत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार तीनों लोग उछलकर सड़क पर दूर जा गिरे। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के ग्रामीण और राहगीर मदद के लिए पहुंचे। बताया गया कि करीब डेढ़ घंटे तक घायल सड़क किनारे पड़े रहे और एंबुलेंस का इंतजार करना पड़ा। बाद में डायल-112 की मदद से तीनों को अस्पताल पहुंचाया गया। वहीं कार टक्कर के बाद अनियंत्रित होकर सड़क किनारे उतर गई। कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के दौरान एयरबैग खुलने से चालक मनीष शिवहरे को गंभीर चोट नहीं आई।
publish_date
भोपाल के बाइक सवार पति-पत्नी और उनके रिश्तेदार की मौत:कार-बाइक की भिड़ंत; एयरबैग खुलने से ड्राइवर की जान बची
