![]()
छतरपुर जिले के गौरिहार थाना इलाके के बरूआ गांव में एक महिला अपने दो मासूम बच्चों को छोड़कर घर से नकदी और सोने-चांदी के जेवर लेकर प्रेमी के साथ चली गई। गुरुवार को पीड़ित मां ने एसपी दफ्तर पहुंचकर शिकायती आवेदन सौंपा है और बेटी की तलाश की गुहार लगाई है। मां का आरोप है कि गांव के ही एक युवक उसे साथ ले गया है और उसने उसकी बेटी को बेचने या हत्या कर लाश फेंकने की खुली धमकी दी है। 7 साल पहले हुई थी शादी शिकायतकर्ता रमाकान्ती बाई ने बताया कि उनकी बेटी सपना देवी की शादी करीब 7 साल पहले यूपी के कानपुर नगर जिला स्थित मैधरी गांव निवासी जोधा खंगार के साथ हुई थी। सपना के दो छोटे बेटे हैं, जिनमें 4 साल का कार्तिक और 2 साल का अर्पित शामिल है। दोनों बच्चे मां को यादकर रोते रहते हैं। बीते 28 अक्टूबर को सपना अपने पति के साथ मायके आई थी। रात में खाना खाने के बाद पति वापस लौट गया और परिवार के बाकी लोग सोने चले गए। देर रात करीब 2 से 3 बजे के बीच सपना गांव के ही शिवा और उसके एक अन्य साथी के साथ कहीं चली गई। जाते वक्त वह घर में रखे 50 हजार रुपए नकद और करीब 1 लाख रुपए के सोने-चांदी के गहने भी साथ ले गई। जब परिजन ने सपना की खोजबीन शुरू की और आरोपी शिवा से फोन पर बात की, तो उसने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दे डाली। ‘बेटी को बेच दूंगा या मार डालूंगा’ पीड़ित मां रमाकान्ती का आरोप है कि शिकायत करने पर आरोपी शिवा ने सपना को किसी के हाथों बेचने या उसकी हत्या कर शव ठिकाने लगाने की धमकी दी है। बेटी की जान को खतरा बताते हुए पीड़ित मां ने एसपी कार्यालय में शिकायती पत्र देकर पुलिस से आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने और अपनी बेटी को जल्द से जल्द सुरक्षित बरामद करने की मांग की है।
publish_date
मां बोली- शादीशुदा बेटी गहने-पैसे लेकर प्रेमी के साथ गई:दो बच्चे यादकर रोते रहते, छतरपुर एसपी को ढूंढने सौंपा आवेदन
