रजिस्ट्री के लिए दूसरे शहर जाने की झंझट खत्म:21 नवंबर को CM करेंगे 'एनीव्हेयर रजिस्ट्री' का शुभारंभ; 15 मिनट में पूरी होगी प्रक्रिया




मध्य प्रदेश में प्रॉपर्टी खरीदने और बेचने वालों के लिए 21 नवंबर से बहुप्रतीक्षित ‘एनीव्हेयर रजिस्ट्री’ व्यवस्था शुरू होने जा रही है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भोपाल से वर्चुअली इसका शुभारंभ करेंगे। इस नई व्यवस्था के तहत मध्य प्रदेश का पहला दस्तावेज ग्वालियर से संपादित कराने की तैयारी है। इसके लिए स्थानीय जिला पंजीयन कार्यालय में तैयारियां की जा रही हैं। अब तक जिस जिले या तहसील में संपत्ति होती थी, खरीदारों को वहीं के उप-पंजीयक कार्यालय में जाकर रजिस्ट्री करानी पड़ती थी। लेकिन ‘संपदा-2’ सॉफ्टवेयर अपडेट होने के बाद यह बाध्यता समाप्त हो जाएगी। अब ग्वालियर का कोई निवासी भोपाल या इंदौर में स्थित प्रॉपर्टी की रजिस्ट्री अपने ही शहर में करा सकेगा। इसके लिए उसे दूसरे शहर जाने की जरूरत नहीं होगी। पूरी प्रक्रिया करीब 15 मिनट में पूरी की जा सकेगी। फर्जीवाड़े पर लगाम के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नई प्रणाली में पारदर्शिता बनाए रखने और फर्जीवाड़े को रोकने के लिए कड़े प्रावधान किए गए हैं। इसके तहत चयनित उप-पंजीयक को स्व-घोषणा पत्र देना होगा। इसमें यह प्रमाणित करना होगा कि संबंधित संपत्ति पर कोर्ट, हाईकोर्ट, सुप्रीम कोर्ट, ईडी, आयकर विभाग या राजस्व अधिकारियों की ओर से जब्ती, स्टे या कुर्की का कोई आदेश नहीं है। आम आदमी को मिलेगा सीधा फायदा नई व्यवस्था से लोगों के समय और खर्च दोनों की बचत होगी। अब लंबी यात्राएं करने और बार-बार पंजीयन कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत मिलेगी। पक्षकार अपनी सुविधा के अनुसार प्रदेश के किसी भी पंजीयन कार्यालय में ऑनलाइन स्लॉट बुक कर सकेंगे। 5 दिन में परीक्षण, छठवें दिन लेना होगा निर्णय संपदा-2 सॉफ्टवेयर के जरिए उप-पंजीयक को दस्तावेजों का परीक्षण करने के लिए 5 दिन का समय मिलेगा। इसके बाद छठवें दिन अंतिम निर्णय लेना अनिवार्य होगा। इससे रजिस्ट्री की प्रक्रिया तय समयसीमा में पूरी हो सकेगी।



publish_date

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *