विधवा को शादी का झांसा देकर दुष्कर्म, आरोपी हिरासत में:खुद को कुंवारा बताकर महिला-बच्चों को अपनाने का दिलाया भरोसा; देवास पहुंची तो शादीशुदा निकला




इंदौर के बाणगंगा थाना क्षेत्र में एक विधवा महिला को शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि योगेश नाथ ने खुद को कुंवारा बताकर महिला और उसके बच्चों को अपनाने का भरोसा दिलाया और उसके साथ कई बार शारीरिक संबंध बनाए। करीब एक महीने पहले आरोपी ने अचानक बातचीत बंद कर दी। महिला उसे तलाशते हुए देवास पहुंची तो पता चला कि वह पहले से शादीशुदा है और उसका एक बेटा भी है। पीड़िता की शिकायत पर बाणगंगा पुलिस ने रविवार देर रात FIR दर्ज कर आरोपी को हिरासत में ले लिया। पति की मौत पर आरोपी ने की थी आर्थिक मदद बाणगंगा पुलिस के मुताबिक इलाके में रहने वाली महिला ने योगेश नाथ के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। पीड़िता ने बताया कि करीब चार साल पहले उसके पति की तबीयत खराब थी। काम के सिलसिले में उसका एक साड़ी की दुकान पर आना-जाना था। इसी दौरान दुकान संचालिका के भाई योगेश से उसकी पहचान हुई। जान-पहचान बढ़ने पर योगेश उसके बीमार पति को देखने घर भी आने लगा। 2 मई 2025 को महिला के पति का निधन हो गया। इसके बाद योगेश ने उसकी आर्थिक मदद की और हमदर्दी जताई। पीड़िता के अनुसार, 20 नवंबर 2025 को योगेश उसके घर पहुंचा और कहा कि वह उसे पसंद करता है। उसने खुद को कुंवारा बताते हुए शादी करने और महिला के बच्चों की जिम्मेदारी उठाने का भरोसा दिलाया। पीड़िता का आरोप है कि शादी का झांसा देकर उसने कई बार उसके साथ दुष्कर्म किया। देवास पहुंची तो पता चला आरोपी पहले से शादीशुदा है पीड़िता के मुताबिक, करीब एक महीने पहले योगेश ने अचानक उससे बातचीत बंद कर दी और संपर्क तोड़ लिया। परेशान होकर महिला उसे तलाशते हुए देवास स्थित उसके घर पहुंची। वहां योगेश के पिता और भाई ने बताया कि वह पहले से शादीशुदा है और उसका एक बेटा भी है। आरोप है कि परिवार के लोगों ने महिला को वहां से भगा दिया। इसके बाद महिला ने योगेश को मोबाइल पर कॉल किया तो वह उसे जान से मारने की धमकी देने लगा। पीड़िता ने अपने परिजनों को पूरी बात बताई और रविवार रात बाणगंगा थाने पहुंचकर लिखित शिकायत की। पुलिस ने FIR दर्ज कर आरोपी को हिरासत में ले लिया है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।



publish_date

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *