शनि मंदिर से 200 किलो वजनी दान पेटी चोरी:एक साल से नहीं खुला था दान पात्र; CCTV नहीं, फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट और डॉग स्क्वॉड ने जुटाए साक्ष्य




थांदला नगर के प्रवेश मार्ग स्थित शनि मंदिर में शनिवार रात चोरी की वारदात हुई। चोर मंदिर के मुख्य द्वार पर लगे दो ताले तोड़कर अंदर घुसे और करीब 200 किलो वजनी दान पेटी चुराकर ले गए। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। बताया जा रहा है कि वारदात शनिवार रात करीब 1:30 बजे हुई। चोरों ने मंदिर के मुख्य द्वार पर लगे दो ताले तोड़े और गर्भगृह में प्रवेश किया। इसके बाद वहां रखी भारी दान पेटी लेकर फरार हो गए। मंदिर में सीसीटीवी कैमरे नहीं होने से पुलिस को आरोपियों का पता लगाने में परेशानी आ रही है। एक साल से नहीं खुला था दान पात्र मंदिर के आसपास रहने वाले लोगों ने सबसे पहले चोरी की जानकारी पुजारी रजनीकांत दुबे को दी। पुजारी के अनुसार, दान पात्र करीब एक साल से नहीं खोला गया था। ऐसे में उसमें डेढ़ से दो लाख रुपए तक की नकदी होने का अनुमान है। फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट और डॉग स्क्वॉड ने जुटाए साक्ष्य सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट और खोजी कुत्ते की मदद ली जा रही है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और चोरी के खुलासे के प्रयास में जुटी है। कुछ महीने पहले हनुमान मंदिर में भी हुई थी चोरी शनि मंदिर से कुछ दूरी पर स्थित नगर के प्राचीन हनुमान अष्ट मंदिर में भी कुछ महीने पहले चोरी हुई थी। वहां से चोर हनुमानजी की 500 ग्राम चांदी की प्रतिमा ले गए थे। अब शनि मंदिर में चोरी के बाद नागरिकों ने दोनों वारदातों का जल्द खुलासा करने की मांग की है।



publish_date

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *