![]()
भोपाल में करवा चौथ पर पति की लंबी उम्र के लिए व्रत रखने वाली 22 वर्षीय शिवानी और उसके 26 वर्षीय पति सूरज अहिरवार की फांसी लगाने से मौत हो गई। गुरुवार-शुक्रवार की दरमियानी रात पहले पत्नी का शव घर के बेडरूम में फंदे से लटका मिला। कुछ घंटे बाद पति का शव घर से करीब 100 मीटर दूर एक पेड़ पर फंदे से लटका मिला। प्रारंभिक जांच में दोनों की आत्महत्या के पीछे पति-पत्नी के बीच नाराजगी और भावनात्मक तनाव की बात सामने आई है। पुलिस को दोनों के पास से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। हालांकि, मौत की वास्तविक वजह की जांच की जा रही है। पुलिस के मुताबिक, शिवानी और सूरज ने वर्ष 2021 में प्रेम विवाह किया था। सूरज गांव में खेती-किसानी के साथ मजदूरी भी करता था। दोनों बरखेड़ा बोंदर स्थित अपने मकान में रहते थे। शादी के बाद से उनकी कोई संतान नहीं थी। बताया जा रहा है कि इस बात को लेकर भी शिवानी परेशान रहती थी। साथ में व्रत खोला, फिर बिना बताए घर से चला गया पति परिजनों के मुताबिक, शिवानी ने पति सूरज की लंबी उम्र के लिए करवा चौथ का व्रत रखा था। रात में दोनों ने साथ में व्रत खोला और भोजन किया। इसके बाद रात करीब 11:30 बजे सूरज पत्नी को कुछ बताए बिना घर से बाहर चला गया। पति के इस तरह चले जाने से शिवानी नाराज थी। वह चाहती थी कि करवा चौथ के दिन पति उसके साथ समय बिताए। गुरुवार-शुक्रवार की दरमियानी रात करीब 2:30 बजे सूरज घर लौटा तो बेडरूम का दरवाजा अंदर से बंद मिला। उसने कई बार आवाज लगाई, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं आया। काफी देर तक दरवाजा नहीं खुलने पर उसने एक छेद से अंदर झांककर देखा। वहां शिवानी का शव फंदे से लटका हुआ था। दादी को दी पत्नी की मौत की जानकारी, फिर घर से निकला पत्नी को फंदे पर लटका देखकर सूरज ने इसकी जानकारी घर में मौजूद अपनी दादी को दी। इसके बाद परिजनों की मदद से किसी तरह कमरे का दरवाजा खोला गया और शिवानी को फंदे से नीचे उतारा गया। घटना की जानकारी मिलने पर परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। पुलिस को भी सूचना दी गई। इसी बीच सूरज किसी को कुछ बताए बिना घर से निकल गया। परिजन और ग्रामीण उसे तलाशते रहे, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। सुबह करीब 5 बजे घर से लगभग 100 मीटर दूर एक पेड़ पर सूरज का शव फंदे से लटका मिला। एक ही रात में पति-पत्नी की मौत से परिवार में मातम छा गया। ‘शिवानी नहीं तो मैं भी नहीं’, कहकर निकला था घर से प्रारंभिक पूछताछ में परिजनों ने पुलिस को बताया कि पत्नी की मौत के बाद सूरज बेहद दुखी था। बताया जा रहा है कि घर से निकलते समय उसने कथित तौर पर कहा था, ‘शिवानी नहीं तो मैं भी नहीं।’ इसके कुछ समय बाद उसका शव भी फंदे से लटका मिला। हालांकि, पुलिस को इस संबंध में कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। दोनों की मौत के पीछे की वास्तविक वजह अभी जांच का विषय है। पुलिस ने दोनों मामलों में मर्ग कायम किया खजूरी थाना पुलिस ने दोनों मामलों में मर्ग कायम कर लिया है। पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। घटनास्थल की परिस्थितियों और अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है। खजूरी थाने के एसआई बनवारी लाल के मुताबिक, प्रारंभिक पूछताछ में परिजनों ने बताया कि करवा चौथ का व्रत खोलने के बाद पति के बिना बताए घर से चले जाने से पत्नी नाराज थी। इसी नाराजगी के बाद उसने आत्मघाती कदम उठाया। पत्नी की मौत के बाद पति ने भी जान दे दी। फिलहाल दोनों मामलों में मर्ग कायम कर सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
publish_date
शिवानी नहीं तो मैं भी नहीं…और दे दी जान:भोपाल में करवा चौथ के बाद पति-पत्नी ने दी जान; रात में साथ खोला था व्रत
