उज्जैन स्टेशन पर जाली में फंसा महिला का पैर:कटर से जाली काटकर निकाला गया; हादसे के बाद किया कवर




उज्जैन रेलवे स्टेशन पर मंगलवार दोपहर एक बुजुर्ग महिला यात्री हादसे का शिकार हो गई। प्लेटफॉर्म नंबर 3 और 4 के बीच रैंप के पास लगी लोहे की जाली में उनका पैर फंस गया। महिला काफी देर तक पैर निकालने की कोशिश करती रहीं, लेकिन सफल नहीं हुईं। सूचना मिलने पर RPF और रेलवे की टेक्नीशियन टीम मौके पर पहुंची। करीब आधे घंटे के रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद कटर से जाली काटकर उनका पैर सुरक्षित बाहर निकाला गया। जानकारी के अनुसार, बुजुर्ग महिला शाजापुर से उज्जैन आई थीं। स्टेशन पर रैंप से उतरते समय उन्होंने जैसे ही पैर नीचे रखा, वह पास में लगी लोहे की जाली में फंस गया। काफी कोशिश के बाद भी पैर नहीं निकलने पर रेलवे कर्मचारियों और RPF को सूचना दी गई। कटर से काटी जाली, आधे घंटे चला रेस्क्यू रेलवे की टेक्नीशियन टीम ने मौके पर पहुंचकर कटर की मदद से जाली काटना शुरू किया। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद महिला का पैर बाहर निकाल लिया गया। गनीमत रही कि उन्हें कोई गंभीर चोट नहीं आई। घटना का वीडियो भी वायरल हुआ है, जिसमें रेलवे कर्मचारी कटर से जाली काटकर महिला का पैर निकालते दिखाई दे रहे हैं। हादसे की आशंका पर जाली को किया कवर RPF थाना पुलिस के अनुसार, महिला का पैर निकालने के बाद हादसे की आशंका को देखते हुए संबंधित जाली को फिलहाल कवर कर दिया गया है, ताकि भविष्य में किसी अन्य यात्री के साथ ऐसी घटना न हो।



publish_date

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *