![]()
शाहडोल जिले में बांधवगढ़ के जंगलों से निकलकर करीब 30 जंगली हाथियों का एक नया झुंड 16 अक्टूबर की आ गया है। हाथियों के आने से गोदावल वन क्षेत्र के बेड़रा, कोठिया, घोरषा और आसपास के गांवों में दहशत का माहौल बन गया है। हाथियों ने शनिवार सुबह से शाम तक खेतों में खड़ी धान की फसल को बुरी तरह रौंद दिया है और ग्रामीणों की दो झोपड़ियां भी तोड़ डाली हैं। खास बात यह है कि इस झुंड में कई नन्हे हाथी भी शामिल हैं। यह घटना ऐसे वक्त में सामने आई है, जब हाल ही में देवलोंद इलाके में करंट लगने से एक हाथी की जान चली गई थी। जानकारी के मुताबिक हाथियों का यह झुंड शुक्रवार रात के वक्त जिले की सीमा में दाखिल हुआ था। तब से ये हाथी गोदावल वन परिक्षेत्र के आसपास के जंगलों और गांवों में डेरा जमाए हुए हैं। हाथियों ने तेंदुआढ गांव के पहाड़ टोला में रहने वाले राहुल कोल और विनोद पटेल के घरों पर भी धावा बोलकर नुकसान पहुंचाया। ग्रामीणों में गुस्सा, वन विभाग की टीमें तैनात घटना के बाद ग्रामीणों ने वन विभाग की टीम पर मौके पर देरी से पहुंचने का आरोप लगाया और नाराजगी जताई। वहीं दूसरी तरफ डीएफओ तरुणा वर्मा का कहना है कि हाथियों की पल-पल की मूवमेंट पर नजर रखने के लिए वन विभाग की कई टीमों को तैनात कर दिया गया है। इसके साथ ही आसपास के सभी गांवों में मुनादी कराकर ग्रामीणों को सतर्क रहने और जंगलों की तरफ न जाने की सलाह दी जा रही है।
publish_date
उमरिया से शहडोल पहुंचा 30 हाथियों का झुंड:धान की फसलें रौंदी, झोपड़ियां तोड़ी, लोगों में गुस्सा बोले- वन विभाग कर्मचारी देर से आए
