![]()
मंडला जिले के मवई विकासखंड के ग्राम रहंगी में ट्रांसफॉर्मर लगाते समय 11 हजार वोल्ट की बिजली लाइन की चपेट में आने से आउटसोर्स कर्मचारी डेनी धुर्वे की मौत के मामले ने तूल पकड़ लिया। रविवार को हुए हादसे के बाद परिजनों ने पूरी रात शव रखकर प्रदर्शन किया। सोमवार को परिजन और ग्रामीण सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के सामने धरने पर बैठ गए। उन्होंने जिम्मेदारों पर कार्रवाई और पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की मांग की। इस संबंध में मवई थाने में आवेदन भी दिया गया। एक करोड़ मुआवजा और सरकारी नौकरी की मांग परिजनों ने पीड़ित परिवार को एक करोड़ रुपए मुआवजा, परिवार के एक सदस्य को शासकीय नौकरी और घटना की उच्चस्तरीय व निष्पक्ष जांच कराने की मांग रखी। उन्होंने जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों पर सख्त कार्रवाई की मांग भी की। मांगें पूरी होने तक परिजनों ने पोस्टमार्टम की अनुमति नहीं दी। विधायक ने सुरक्षा व्यवस्था पर उठाए सवाल बिछिया विधायक नारायण सिंह पट्टा ने बिजली विभाग की कार्यप्रणाली और कर्मचारियों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कराने, जिम्मेदारों पर कार्रवाई करने, उचित मुआवजा देने और मृतक के एक आश्रित को रोजगार उपलब्ध कराने की मांग की। जिले से बाहर होने के कारण उन्होंने बिजली विभाग और पुलिस अधिकारियों से फोन पर चर्चा की। सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते ने भी अधिकारियों से बात कर पीड़ित परिवार को हरसंभव मदद और उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया। लाइनमैन निलंबित, जेई के खिलाफ जांच बिजली विभाग के बिछिया कार्यपालन यंत्री मयंक चौरसिया ने बताया कि स्थानीय लाइनमैन नंद किशोर भौतिक को निलंबित कर दिया गया है। मवई के जूनियर इंजीनियर राजकुमार कुशवाहा के खिलाफ विभागीय जांच प्रस्तावित है। परिवार को तत्काल सहायता के रूप में 10 हजार रुपए दिए गए हैं। मुआवजे की प्रक्रिया भी की जाएगी। लिखित आश्वासन के बाद खत्म हुआ धरना कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष संतोष रानू हरदहा ने बताया कि मौके पर पहुंचे कार्यपालन यंत्री और मवई तहसीलदार ने परिवार के एक सदस्य को आउटसोर्स के माध्यम से नौकरी देने, मामले में कार्रवाई करने और उचित मुआवजा दिलाने का लिखित आश्वासन दिया। इसके बाद परिजनों और ग्रामीणों ने धरना समाप्त कर दिया। प्रदर्शन में सरपंच, जनप्रतिनिधि, ग्रामीण और मृतक के परिजन शामिल रहे। ——————– ये खबर भी पढ़ें… ट्रांसफॉर्मर लगाते समय बिजली कर्मचारी की मौत:11 हजार वोल्ट लाइन की चपेट में आया मंडला जिले के मवई क्षेत्र के रहंगी गांव में ट्रांसफॉर्मर लगाते समय बिजली कर्मचारी डेनी धुर्वे (28) की मौत हो गई। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, वह 11 हजार वोल्ट की बिजली लाइन की चपेट में आ गया था। परिजनों ने मामले में FIR दर्ज कर निष्पक्ष जांच की मांग की है। पढ़े पूरी खबर…
publish_date
करंट से आउटसोर्स कर्मचारी की मौत, परिजनों ने किया प्रदर्शन:मुआवजे, नौकरी और दोषियों पर कार्रवाई की मांग; लाइनमैन निलंबित, जेई पर जांच
