![]()
रविवार को केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान इंदौर पहुंचे। वे बापट चौराहे पर आयोजित अखिल भारतीय किरार क्षत्रिय महासभा की जिला इकाई के कार्यक्रम ‘किरार कुंभ’ में शामिल हुए। इस जिला स्तरीय सम्मेलन में बीजेपी नेताओं और समाजजनों ने उनका स्वागत किया। कार्यक्रम में मेधावी विद्यार्थियों सहित कई गणमान्य लोगों का सम्मान भी किया गया। एयरपोर्ट पर बीजेपी नेताओं ने किया स्वागत शिवराज सिंह चौहान के इंदौर पहुंचने पर बीजेपी नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा, मंत्री तुलसी सिलावट, विधायक मधु वर्मा, विधायक रमेश मेंदोला सहित कई नेता एयरपोर्ट पहुंचे। सभी ने उनका स्वागत किया। इसके बाद वे बापट चौराहे पर आयोजित किरार कुंभ में शामिल होने पहुंचे। समाजजनों ने भेंट की गदा आयोजन स्थल पर पहुंचने पर समाजजनों ने शिवराज सिंह चौहान का जोरदार स्वागत किया। उन्हें पुष्पमाला पहनाई गई और गदा भेंट की गई। इसके बाद उन्होंने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। सम्मेलन में मेधावी विद्यार्थियों सहित कई गणमान्य लोगों का सम्मान किया गया। बोले- किरार समाज मेरे बचपन का झूला शिवराज सिंह चौहान ने अपने परिचित अंदाज में मंच से समाजजनों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि मंडीदीप में छठ मैया का आयोजन है। अगर वे सड़क मार्ग से आते तो शाम को छठ के आयोजन में नहीं पहुंच पाते। इसलिए उन्होंने एक हवाई जहाज का इंतजाम किया और समाजजनों के बीच पहुंच गए। उन्होंने कहा, “मुझे कहते हुए गर्व है कि किरार समाज मेरे बचपन का झूला, जवानी की फुलवारी और बुढ़ापे की काशी है। जिस समाज में हमने जन्म लिया, जिसके संस्कारों के कारण माता-पिता का आशीर्वाद मिला।” दूसरों के लिए जीने का दिया संदेश शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि उन्होंने जीवन में कुछ मंत्र सीखे हैं, जिन्हें वे समाजजनों को भी देना चाहते हैं। वे एक छोटे से गांव में किसान परिवार में पैदा हुए, लेकिन उनके मन में बचपन से ही कुछ करने की तड़प थी। उन्होंने बचपन में गीता और रामायण पढ़ी। उन्होंने बताया कि दादाजी के स्वर्गवास के बाद ब्राह्मण भोज कराया जाता था। इसमें ब्राह्मणों को अलग-अलग पद दिए जाते थे और कई चीजें भेंट की जाती थीं। इनमें गीता की प्रतियां भी होती थीं। कुछ प्रतियां बच गई थीं, जिन्हें उन्होंने बचपन में उठाकर पढ़ना शुरू किया। बार-बार गीता पढ़ने के बाद उन्हें लगा कि जीवन का सार सिर्फ अपने लिए जीने में नहीं है। उन्होंने कहा कि जो समाज, देश और जनता के लिए जीता है, उसका जीवन ही वास्तव में सार्थक है। इसके साथ ही उन्होंने ‘कर्म करो, फल की चिंता मत करो’ का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि सभी के प्रेम ने उन्हें मामा बनाया है।
publish_date
किरार कुंभ में शामिल हुए शिवराज सिंह चौहान:इंदौर में बीजेपी नेताओं और समाजजनों ने किया स्वागत; बोले- आप सभी के प्रेम ने मुझे मामा बनाया
