![]()
छतरपुर में केन-बेतवा लिंक परियोजना से प्रभावित ककरा और कदवारा गांवों के 77 लोगों को पुनर्वास पैकेज का लाभ मिलेगा। उम्र के दस्तावेज न होने के कारण अब तक वंचित रहे इन लोगों के लिए जिला प्रशासन ने शुक्रवार को 9 करोड़ 62 लाख 50 हजार रुपए के द्वितीय पूरक अवार्ड पारित किए हैं। कलेक्टर मृणाल मीना ने पैकेज न मिलने की शिकायतों को गंभीरता से लिया। उन्होंने अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद दस्तावेज न होने वाले प्रभावितों की रेडियोलॉजिकल जांच कराई गई। मेडिकल बोर्ड ने उनकी आयु तय की, जिससे उन्हें पैकेज मिलने का रास्ता साफ हुआ। इस अवार्ड के तहत ककरा गांव के 14 लोगों को 1 करोड़ 75 लाख रुपए और कदवारा गांव के 63 लोगों को 7 करोड़ 87 लाख 50 हजार रुपए की विस्थापन राशि मंजूर की गई है। कुल 77 वयस्क हितग्राहियों को 9 करोड़ 62 लाख 50 हजार रुपए के अवार्ड दिए गए हैं।
publish_date
केन-बेतवा परियोजना के 77 प्रभावितों को ₹9.62 करोड़ मंजूर:उम्र के दस्तावेज नहीं होने से अटकी थी राशि, मेडिकल बोर्ड की जांच से खुला रास्ता
