![]()
सिंगरौली जिले के सरई थाना क्षेत्र के तिनगुड़ी ग्राम पंचायत के कुकराव गांव में अज्ञात व्यक्ति ने खेत में खड़ी धान की फसल में आग लगा दी। गुरुवार रात हुई इस घटना में किसान की आधे से अधिक फसल जलकर राख हो गई। आग इतनी तेजी से फैली कि किसान को फसल बचाने का मौका तक नहीं मिला। घटना से किसान परिवार को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। तैयार होने वाली थी फसल, रात में लगाई आग जानकारी के अनुसार, कुकराव गांव निवासी किसान राधेश्याम विश्वकर्मा ने अपने खेत में धान की फसल लगाई थी। फसल तैयार होने की स्थिति में थी। गुरुवार रात अंधेरे का फायदा उठाकर किसी अज्ञात व्यक्ति ने खेत में आग लगा दी। देखते ही देखते आग ने फसल के बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया। जब तक आग बुझाने की कोशिश की गई, तब तक आधे से ज्यादा फसल जल चुकी थी। शिकायत के बाद पुलिस ने शुरू की जांच किसान ने पूरे साल फसल तैयार करने में मेहनत और लागत लगाई थी। फसल जलने से परिवार के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। घटना के बाद गांव में नाराजगी है। किसान ने दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। सरई थाना प्रभारी प्रहलाद मर्सकोले ने बताया कि शुक्रवार को किसान ने थाने में लिखित शिकायत दी है। फिलहाल किसान ने किसी व्यक्ति पर संदेह नहीं जताया है। पुलिस आग लगने के कारणों और घटना में शामिल व्यक्ति की पहचान करने के लिए जांच कर रही है।
publish_date
खेत में खड़ी धान की फसल में लगाई आग:कुकराव गांव में आधे से ज्यादा फसल जली; किसान ने शिकायत दर्ज कराई
