![]()
छतरपुर जिले में 45 दिन में टीबी के 786 नए मरीजों की पहचान हुई है। अक्टूबर में 639 और नवंबर के पहले 17 दिनों में 147 मरीज मिले। जिले में 1 जनवरी से 17 नवंबर तक कुल 7,063 टीबी मरीजों पहचान हुई। इनमें करीब 2,700 मरीज दूसरे जिलों और राज्यों से इलाज कराने पहुंचे हैं। स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि जांच का दायरा बढ़ा है। इसलिए मरीजों की संख्या ज्यादा लग रही है। अब हैंडहेल्ड एक्स-रे मशीनों से दूर-दराज के इलाकों में भी लोगों की स्क्रीनिंग की जा रही है। 68 जिलों से इलाज कराने पहुंच रहे मरीज जिला क्षय अधिकारी डॉ. अरुणेंद्र शुक्ला के मुताबिक, नौगांव टीबी अस्पताल को नोडल डीआर-टीबी सेंटर बनाया गया है। यहां मध्यप्रदेश के आसपास के जिलों के साथ दूसरे राज्यों से भी मरीज जांच और इलाज कराने आते हैं। इनमें टीकमगढ़, पन्ना, निवाड़ी, सतना, रीवा, बांदा, महोबा, हमीरपुर और झांसी के मरीज शामिल हैं। उत्तरप्रदेश, छत्तीसगढ़, दिल्ली, जम्मू-कश्मीर, महाराष्ट्र और राजस्थान से भी मरीज यहां पहुंचते हैं। अधिकारियों के मुताबिक, इस साल दर्ज 7,063 मरीजों में करीब 2,700 दूसरे जिलों और राज्यों से इलाज कराने आए हैं। बाकी मरीज छतरपुर जिले और आसपास के इलाकों के हैं। 539 पंचायतों में चल रही स्क्रीनिंग डॉ. शुक्ला ने बताया कि जिले के सभी 8 ब्लॉक और 539 पंचायतों में टीबी की पहचान के लिए अभियान चलाया जा रहा है। भारत सरकार ने जांच के लिए हैंडहेल्ड एक्स-रे मशीनें दी हैं। पहले जिले में ये मशीनें नहीं थीं। अब इनकी मदद से दूर-दराज के इलाकों में भी लोगों की जांच की जा रही है। इससे टीबी के मरीजों की पहचान करने में मदद मिल रही है। डॉ. शुक्ला के मुताबिक, जिले की आबादी करीब 21 से 22 लाख है। विभाग हर साल 5 से 6 लाख लोगों की स्क्रीनिंग करने का लक्ष्य लेकर काम कर रहा है। पहले जांच का दायरा सीमित था, लेकिन अब विशेष शिविर लगाकर और मोबाइल एक्स-रे मशीनों की मदद से जांच की जा रही है। कमजोर पोषण से बढ़ता है टीबी का खतरा टीबी नोडल अधिकारी ने बताया कि बुंदेलखंड इलाके में टीबी का प्रसार अधिक होने के पीछे कई सामाजिक-आर्थिक कारण हैं। क्षेत्र में गरीबी और कमजोर आर्थिक स्थिति का असर लोगों के खानपान और पोषण पर पड़ता है। पर्याप्त पोषण नहीं मिलने से शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता कमजोर हो सकती है। इससे टीबी जैसी बीमारी का खतरा बढ़ जाता है। इसके अलावा तंबाकू और शराब का सेवन भी फेफड़ों की सेहत पर असर डालता है। पत्थर की क्रशर मशीनों वाले इलाकों में काम करने वाले लोगों को धूल के संपर्क में रहना पड़ता है। इससे फेफड़ों से जुड़ी परेशानी का खतरा बढ़ सकता है। हर महीने मिलते हैं 1,000 रुपए टीबी मरीजों को इलाज के साथ निक्षय पोषण योजना का लाभ भी दिया जा रहा है। इस योजना के तहत मरीजों को इलाज के दौरान हर महीने 1,000 रुपए की सहायता मिलती है। छह महीने में कुल 6,000 रुपए दिए जाते हैं। इसके अलावा निक्षय मित्रों के जरिए मरीजों को फूड बास्केट यानी पोषण आहार भी उपलब्ध कराया जाता है। मरीजों को जांच और इलाज की सुविधा मुफ्त दी जाती है। 2030 तक टीबी मुक्त भारत का लक्ष्य केंद्र और राज्य सरकार टीबी को खत्म करने के लिए अभियान चला रही हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लक्ष्य के मुताबिक, मध्यप्रदेश को 2030 तक टीबी मुक्त बनाने की दिशा में काम किया जा रहा है। विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) और भारत सरकार के आंकड़ों के मुताबिक, देश में 2015 से 2024 के बीच टीबी के नए मामलों में 21% और इससे होने वाली मौतों में 28% की कमी दर्ज की गई है। सरकारी अभियान के तहत देश की हजारों ग्राम पंचायतों ने टीबी मुक्त होने का दर्जा हासिल किया है। इनमें 46 हजार से ज्यादा प्रमाणित टीबी मुक्त ग्राम पंचायतें शामिल हैं। टीबी के खिलाफ अभियान में राष्ट्रीय क्षय रोग उन्मूलन कार्यक्रम (NTEP) और प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान की अहम भूमिका है। मरीजों को मुफ्त जांच और इलाज के साथ बीपीएएलएम (BPaLM) जैसे आधुनिक इलाज की सुविधा भी दी जा रही है।
publish_date
छतरपुर में इस साल 7,063 टीबी मरीज मिले:अक्टूबर में सबसे ज्यादा 639 केस, हैंडहेल्ड एक्स-रे मशीनों से हो रही जांच; 2,700 दूसरे जिलों-राज्यों के
