छत्तीसगढ़ में मृत मिले ड्राइवर का शव रखकर चक्काजाम किया:परिजनों ने व्यापारी पर मारपीट का आरोप लगाया, बोले- राहुल ने आत्महत्या नहीं की, हत्या हुई




शहडोल के ड्राइवर राहुल नामदेव की छत्तीसगढ़ में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया है। मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचा तो परिजनों ने जैतपुर थाना क्षेत्र के राममोहनी में सड़क पर शव रखकर चक्काजाम कर दिया। वे मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। राममोहनी निवासी राहुल नामदेव गांव के एक सोनी व्यापारी का वाहन चलाते थे। जानकारी के मुताबिक, वह वाहन मालिक के साथ छत्तीसगढ़ के जनकपुर बाजार गए थे। परिजनों का आरोप है कि व्यापारी ने चोरी का संदेह जताकर राहुल के साथ मारपीट की थी। इसके बाद राहुल का शव जनकपुर थाना क्षेत्र में मनेंद्रगढ़ तिराहे के पास तुर्रा के नजदीक फंदे पर लटका मिला। मौत की जानकारी मिलने पर परिजन छत्तीसगढ़ पहुंचे। जनकपुर पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग परिजनों का कहना है कि राहुल ने आत्महत्या नहीं की, बल्कि उनकी हत्या की गई है। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और मारपीट व मौत के लिए जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग की। चक्काजाम की सूचना पर जैतपुर थाना प्रभारी समीर खान पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने प्रदर्शन कर रहे परिजनों से बात की और उन्हें समझाया। हालांकि, परिजन कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे। प्रदर्शन के कारण सड़क पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई।



publish_date

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *