![]()
डिंडौरी कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया ने शनिवार को जनपद के चौरा माल और चौरा रैयत गांवों का दौरा किया। चौरा माल में चौपाल लगाकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। यहां लोगों ने पेयजल की कमी बताई। वहीं, चौरा रैयत में कलेक्टर घरों तक पहुंचीं और ग्रामीणों से उनकी जरूरतों और शिकायतों पर बात की। पेयजल संकट दूर करने के निर्देश चौरा माल में ग्रामीणों ने बताया कि रोजमर्रा की जरूरतों के लिए पानी जुटाने में परेशानी हो रही है। इस पर कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को पेयजल व्यवस्था का जायजा लेने और समस्या जल्द दूर करने के निर्देश दिए। उन्होंने नियमित पानी की आपूर्ति के लिए जरूरी इंतजाम करने को कहा। कलेक्टर ने अधिकारियों को गांवों में पेयजल, सड़क, बिजली सहित दूसरी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। विभागीय अधिकारी गांवों में पहुंचकर लोगों से बात करें और उनकी शिकायतों पर तय समय में कार्रवाई करें। राघोपुर परियोजना पर ग्रामीणों से ली राय चौरा रैयत में कलेक्टर ने घरों तक पहुंचकर ग्रामीणों की जरूरतें और शिकायतें सुनीं। उन्होंने अधिकारियों को शिकायतों पर तुरंत कार्रवाई करने और गांवों में जाकर हालात देखने के निर्देश दिए। इस दौरान राघोपुर परियोजना को लेकर भी ग्रामीणों से जानकारी ली और उनके सुझाव सुने। छिंदगांव रैयत में बांध का निरीक्षण कलेक्टर ने छिंदगांव रैयत में जल संसाधन विभाग की ओर से बनाए जा रहे बांध का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति और गुणवत्ता देखी तथा अधिकारियों से परियोजना की जानकारी ली। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि बांध का निर्माण तय मापदंडों के अनुसार और तय समय-सीमा में पूरा किया जाए। काम में किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। चौपाल के दौरान जिला पंचायत सीईओ दिव्यांशु चौधरी, एसडीएम डिंडौरी रामाबाबू देवांगन सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
publish_date
डिंडौरी कलेक्टर ने दो गांवों में सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं:चौरा माल में पानी की कमी पर अधिकारियों को निर्देश; चौरा रैयत में घरों तक पहुंचीं
