डॉक्टर ने मरीज के पलंग पर जूता रखकर लिखा पर्चा:भिंड जिला अस्पताल का मामला, बोले- कमर में दर्द था, गलती से पैर रखा




भिंड के जिला अस्पताल में मरीजों का इलाज करने पहुंचे एक डॉक्टर का वीडियो सामने आया है। इसमें वे मरीज के पलंग पर जूते सहित पैर रखकर पर्चे पर दवा लिखते नजर आ रहे हैं। चार सेकंड का यह वीडियो 4 नवंबर का बताया जा रहा है। वीडियो सामने आने के बाद डॉक्टर के व्यवहार को लेकर सवाल उठ रहे हैं। अस्पताल में पदस्थ डॉ. विनीत गुप्ता वार्ड में मरीजों को देखने पहुंचे थे। इसी दौरान उन्होंने एक मरीज के पलंग पर जूते सहित पैर रख दिया और उसी स्थिति में पर्चे पर दवा लिखने लगे। अस्पताल में भर्ती मरीज पहले से बीमारी और तकलीफ से जूझ रहे होते हैं। ऐसे में डॉक्टर के इस व्यवहार को मरीज के सम्मान के लिहाज से ठीक नहीं माना जा रहा है। डॉक्टर बोले- कमर में दर्द था, गलती से पैर पलंग पर रख गया वीडियो को लेकर दैनिक भास्कर ने डॉ. विनीत गुप्ता से बात की। उन्होंने कहा कि वार्ड विजिट के दौरान उनकी कमर में दर्द हो रहा था। इस वजह से गलती से जूता पलंग पर रख गया। यह सामान्य बात है। मरीजों की सेवा करना हमारा धर्म है और हम अपने धर्म का पालन करते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि कुछ लोग उनके पीछे लगे हैं और छोटी-छोटी बातों को उजागर कर उन्हें नीचा दिखाने की कोशिश कर रहे हैं। निजी अस्पताल में बच्ची की मौत के बाद भी आए थे चर्चा में डॉ. विनीत गुप्ता इससे पहले भी विवादों में आ चुके हैं। पिछले दिनों उनके निजी अस्पताल में एक बच्ची की मौत का मामला सामने आया था। इसके बाद प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए उनके निजी अस्पताल को बंद करा दिया था। अब जिला अस्पताल में मरीज के पलंग पर जूते सहित पैर रखने का वीडियो सामने आने के बाद वे फिर चर्चा में हैं।



publish_date

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *