Headlines

पसान नगरपालिका उपाध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पारित:14 पार्षदों ने समर्थन में और 4 ने विरोध में वोट दिया; अजय यादव पद से हटाए गए




अनूपपुर जिले की पसान नगरपालिका में उपाध्यक्ष अजय यादव के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पारित हो गया। बुधवार को हुए मतदान में 14 पार्षदों ने प्रस्ताव के समर्थन में और 4 ने विरोध में वोट दिया। इसके बाद यादव पद से हट गए। पसान नगरपालिका में 18 वार्ड हैं। अध्यक्ष रामअवध सिंह के नेतृत्व में 17 पार्षदों ने 12 अक्टूबर को कलेक्टर को आवेदन देकर अविश्वास प्रस्ताव लाने की मांग की थी। बुधवार को मतदान की प्रक्रिया सुबह 11 बजे शुरू हुई और दोपहर 2 बजे तक चली। अनूपपुर एसडीएम प्राशी अग्रवाल निर्वाचन अधिकारी के रूप में मौजूद रहीं। मतदान की तारीख कलेक्टर ने तय की थी। अध्यक्ष रामअवध सिंह और उपाध्यक्ष अजय यादव के बीच निर्माण कार्यों को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। अध्यक्ष ने आरोप लगाया था कि यादव ने नगरपालिका के प्रस्तावित और निर्माणाधीन कामों को लेकर हाईकोर्ट में याचिका लगाई और पार्षदों को भड़काया। दोनों पक्षों के बीच नगरपालिका के निर्माण कार्यों और अन्य मुद्दों पर भी खींचतान थी। अविश्वास प्रस्ताव पारित होने के बाद नगरपालिका में उपाध्यक्ष का पद खाली हो गया है। नए उपाध्यक्ष के चुनाव की तारीख जल्द घोषित होने की संभावना है। नगरपालिका का कार्यकाल करीब 10 महीने बाकी है।



publish_date

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *