Headlines

पुराने विवाद के चलते युवक की कार चढ़ाकर हत्या:भाई बोला-हमने उनके परिवार के सदस्य को मारा था, बदला ले रहे; 6 पर आरोप




दमोह जिले के पथरिया थाना क्षेत्र में सेमरा बुजुर्ग गांव के पास रविवार शाम गढ़ाकोटा निवासी 35 वर्षीय परम उर्फ चिक्कू यादव की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि बाइक से घर लौटते समय कुछ लोगों ने उनकी बाइक के आगे कार लगाकर उन्हें गिराया और धारदार हथियारों से हमला किया। परिजनों के मुताबिक, इसके बाद उन पर कार भी चढ़ाई गई। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। जीजा के घर से लौट रहा था परिवार मृतक के छोटे भाई अनिल यादव ने बताया कि परिवार सागर जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र के टड़ा गांव में अपने जीजा के घर गया था। कुछ दिन पहले जीजा की मौत होने के कारण वे वहीं रुके हुए थे। रविवार शाम वे वहां से घर लौट रहे थे। अनिल के मुताबिक, परम उर्फ चिक्कू यादव अपनी पत्नी के साथ बाइक से आगे चल रहे थे, जबकि वह पीछे आ रहा था। अनिल ने बताया कि सेमरा बुजुर्ग गांव के पास एक कार बाइक के आगे आ गई, जिससे उसका भाई नीचे गिर गया। इसके बाद कुछ लोगों ने उस पर धारदार हथियारों से हमला किया और कार चढ़ाई। अनिल के अनुसार, जब वह भाई को बचाने पहुंचा तो हमलावर उसकी ओर भी आए। जिसके बाद वह वहां से जान बचाकर भाग निकला। अस्पताल में मृत घोषित किया घटना के बाद अनिल ने 108 एंबुलेंस की मदद से परम यादव को पथरिया स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां डॉक्टर ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पथरिया अस्पताल में रखवाया है। घटना की जानकारी मिलने पर एसपी आनंद कलादगी भी पथरिया पहुंचे और परिजनों से जानकारी ली। मामले में पिम्मू यादव, छोटू यादव, नरेंद्र यादव, बाबूलाल यादव, वीरेंद्र यादव और नीरज यादव पर घटना को अंजाम देने का आरोप है। पुराने विवाद का आरोप, पुलिस जांच जारी मृतक के भाई अनिल यादव ने आरोप लगाया कि घटना के पीछे दोनों परिवारों के बीच पुराना विवाद है। उसके मुताबिक, कुछ साल पहले पीड़ित परिवार के किसी सदस्य ने आरोपी परिवार के एक युवक की हत्या की थी। उसके बाद से दूसरे पक्ष के साथ रंजिश चल रही थी। अनिल ने दावा किया कि इसी रंजिश के चलते उसके भाई पर हमला किया गया। वहीं, पथरिया एसडीओपी प्रिया सिंधी ने बताया कि शुरुआत में परम यादव के सड़क हादसे में घायल होने की सूचना मिली थी। अस्पताल पहुंचने पर उनकी मौत की परिस्थितियां संदिग्ध लगीं। मृतक की पत्नी ने हमले की बात बताई है। एसडीओपी के अनुसार, मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है। सोमवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा।



publish_date

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *