![]()
नर्मदापुरम के सेमरी हरचंद में पुलिस ने तलवार और चाकू लेकर घूम रहे तीन युवकों को पकड़ा है। तीनों युवक बाइक से इलाके में घूम रहे थे। पुलिस के मुताबिक, उनके पास एक तलवार और दो चाकू मिले हैं। तीनों अपने लापता पालतू कुत्ते को ढूंढने निकले थे। पुलिस ने आशंका जताई कि वे लोगों को डराने-धमकाने और किसी वारदात को अंजाम देने के इरादे से हथियार लेकर घूम रहे थे। पुलिस के अनुसार, जिले में चाकूबाजी की घटनाओं को देखते हुए एसपी दीपक कुमार शुक्ला ने संदिग्ध लोगों की जांच के निर्देश दिए हैं। इसी के तहत 10 नवंबर की शाम सोहागपुर थाना क्षेत्र की सेमरी हरचंद चौकी पुलिस को सूचना मिली कि तीन युवक बाइक से गुराड़िया से सेमरी हरचंद की ओर आ रहे हैं। संदिग्ध गतिविधि की सूचना पर चौकी प्रभारी विवेक यादव टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घेराबंदी कर बाइक सवार तीनों युवकों को पकड़ लिया। तलवार, दो चाकू और बाइक जब्त पुलिस ने मोंटी पिता कमल वंशकार के पास से एक तलवार, पूनम पिता मोहन मौर्य के पास से एक चाकू और रूपेश पिता मंगल सिंह वंशकार के पास से एक चाकू बरामद किया। आरोपियों की बाइक एमपी 05 एमई 3215 भी जब्त की गई है। यह हीरो कंपनी की स्प्लेंडर बाइक है। तीनों के खिलाफ पहले से दर्ज हैं केस सोहागपुर थाना प्रभारी गिरीश त्रिपाठी ने बताया कि तीनों आरोपी सेमरी हरचंद के रहने वाले हैं और इनके खिलाफ पहले से आपराधिक मामले दर्ज हैं। पूनम मोरे (32) के खिलाफ आबकारी एक्ट, मोंटी वंशकार (26) के खिलाफ छेड़छाड़ और पूनम वंशकार (32) के खिलाफ चोरी के तीन मामले दर्ज हैं। थाना प्रभारी के मुताबिक, तीनों का पालतू कुत्ता लापता हो गया था। वे उसे ढूंढने निकले थे। पुलिस को आशंका है कि वे हथियारों के जरिए लोगों को डराने-धमकाने या वारदात करने के इरादे से घूम रहे थे। इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक विवेक यादव, आरक्षक अखिलेश भिलाला, अतुल शर्मा, राजेंद्र तोमर, एफआरवी पायलट अशोक और एनआरएस राहुल की भूमिका रही।
publish_date
बाइक पर तलवार-चाकू लेकर घूम रहे थे 3 युवक गिरफ्तार:नर्मदापुरम में पालतू कुत्ता लापता होने पर इलाके के लोगों को डराने जा रहे थे
