Headlines

बाइक से लाड़ली बहनों को लाने लगाए चारपहिया के बिल:उमरिया की धनवाही पंचायत ने 3 हजार और 4,900 रुपए के बिल दिए, जांच शुरू




उमरिया जिले की धनवाही ग्राम पंचायत ने लाड़ली बहना सम्मेलन में हितग्राहियों को लाने-ले जाने के लिए चारपहिया वाहनों के बजाय पल्सर और हीरो बाइक के बिल लगाए। एक बिल 3 हजार रुपए का है, जबकि दूसरा 4,900 रुपए का। धनवाही से सम्मेलन स्थल गुरुवाही की दूरी 30 किलोमीटर से अधिक है। ऐसे में सवाल है कि इतनी दूरी से लाड़ली बहनों को दोपहिया वाहनों से कैसे लाया-ले जाया गया? मामले की जांच शुरू हो गई है। 14 अक्टूबर को मानपुर विधानसभा क्षेत्र के गुरुवाही में राज्य स्तरीय लाड़ली बहना सम्मेलन हुआ था। इसके लिए जिले की ग्राम पंचायतों को हितग्राहियों को कार्यक्रम स्थल तक पहुंचाने की व्यवस्था करनी थी। इसी व्यवस्था के तहत करकेली जनपद पंचायत की धनवाही ग्राम पंचायत ने दोपहिया वाहनों के बिल लगाए। पल्सर का 3 हजार, हीरो बाइक का 4,900 रुपए बिल पंचायत की ओर से लगाए गए पहले बिल में एमपी 54 जेडसी 1817 नंबर की पल्सर बाइक का 3 हजार रुपए किराया दर्ज है। दूसरे बिल में एमपी 17 ZA 1482 नंबर की हीरो बाइक के लिए 4,900 रुपए की राशि बताई गई है। दोनों बिलों की कुल राशि 7,900 रुपए है। ये बिल पंचायत की सरपंच और सचिव शिखा गुप्ता के नाम से लगाए गए हैं। जांच में यह देखा जाएगा कि दोनों वाहनों का इस्तेमाल सम्मेलन में हितग्राहियों को लाने-ले जाने के लिए वास्तव में हुआ था या नहीं। साथ ही बिलों में दर्ज वाहनों और यात्रा के विवरण का सत्यापन किया जाएगा। सीईओ ने पीसीओ को सौंपी जांच जनपद पंचायत करकेली के सीईओ प्रबांशु सिंह ने मामले की जांच पीसीओ को सौंपी है। जांच में बिलों और वाहनों के इस्तेमाल की पुष्टि की जाएगी। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई तय होगी। सचिव बोलीं- ट्रैवल्स वाले की गलती ग्राम पंचायत सचिव शिखा गुप्ता ने कहा, “यह हमारी चूक नहीं है। ट्रैवल्स वाले की चूक है, जिसने बिल दिया है। हमने सुधार करवा दिया है।”



publish_date

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *