![]()
मंडला के राजराजेश्वरी किला परिसर में शनिवार को भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर जनजातीय गौरव दिवस मनाया गया। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री संपतिया उइके मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। उन्होंने 15 लाख रुपए की लागत से बनने वाले यात्री प्रतीक्षा कक्ष का भूमिपूजन किया। यह कक्ष राजा शंकर शाह और कुंवर रघुनाथ शाह की जन्मस्थली तथा राजराजेश्वरी मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं और अन्य लोगों की सुविधा के लिए बनाया जाएगा। महापुरुषों की प्रतिमाओं पर किया माल्यार्पण कार्यक्रम के बाद किला परिसर से रैली निकाली गई। यह शहर के अलग-अलग चौक-चौराहों से गुजरी। रास्ते में महापुरुषों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया गया। रैली नवीन बिरसा मुंडा चौराहे पर समाप्त हुई। इसमें मंत्री संपतिया उइके, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक शामिल हुए। नई पीढ़ी को बताया जा रहा जनजातीय नायकों का योगदान मंत्री संपतिया उइके ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 2014 के बाद से जनजातीय समाज के उत्थान और कल्याण के लिए लगातार काम हो रहे हैं। धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान सहित विभिन्न योजनाओं के जरिए जनजातीय क्षेत्रों और परिवारों तक विकास का लाभ पहुंचाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि देश की आजादी के लिए जनजातीय समाज के कई स्वतंत्रता सेनानियों और महापुरुषों ने संघर्ष किया और बलिदान दिया। लंबे समय तक उनके योगदान को पर्याप्त पहचान नहीं मिली। अब उनके संघर्ष, स्वाभिमान और बलिदान की जानकारी नई पीढ़ी तक पहुंचाई जा रही है।
publish_date
बिरसा जयंती पर मंडला में निकली रैली,बनेगा यात्री प्रतीक्षा कक्ष:मंत्री उइके ने 15 लाख के निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया; जनजातीय नायकों को किया याद
